मोदी को राहुल ने भ्रष्टाचार का चैंपियन तो अखिलेश ने बीजेपी को गोदाम बताया

राष्ट्रीय जनमोर्चा ब्यूरो
गाजियाबाद। कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने बुधवार को एक बार फिर लोकसभा चुनाव का प्रचार करते हुए भाजपा और मोदी सरकार पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने मोदी को भ्रष्टाचार का चैंपियन बताया तो उनके साथ मौजूद इंडिया गठबंधन के सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बीजेपी को भ्रष्टाचार का गोदाम कहा।
17 अप्रैल की सुबह पहले से निश्चित कौशांबी के रेडिसन ब्लू सभागार में इंडिया गठबंधन की कांग्रेस प्रत्याशी डॉली शर्मा के समर्थन में राहुल गांधी और अखिलेश यादव ने संयुक्त रूप से पत्रकारों से बातचीत की। इस दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने देशवासियों और पत्रकारों को रामनवमी की बधाई देते हुए कहा कि यह चुनाव विचारधारा का चुनाव है। एक तरफ राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ और भाजपा लोकतंत्र और संविधान को खत्म करने की कोशिश कर रहे हैं तो दूसरी तरफ इंडिया गठबंधन देश में लोकतंत्र और संविधान को बचाने की लड़ाई लड़ रही है।
उन्होंने कहा कि इस चुनाव में 2-3 बड़े मुद्दे हैं। वह है महंगाई, बेरोजगारी और भागीदारी लेकिन इसके बारे में न तो प्रधानमंत्री बात कर रहे हैं और न ही बीजेपी बात कर रही है। राहुल गांधी ने पीएम मोदी पर सीधे हमला बोलते हुए कहा कि हमारे प्रधानमंत्री कभी मुद्दों पर बात नहीं करते। मुद्दों पर बात करने की बजाय कभी तो वह आसमान में सी प्लेन पर चले जाते हैं तो कभी समुद्र की गहराईयों में चले जाते हैं।
उन्होंने कहा कि पीएम ने एक साक्षात्कार में इलेक्टोरल बॉन्ड को सही बताया और चुनाव में पारदर्शिता लाने के लिए इसे जरूरी बताया। यदि यह सच है तो इस सिस्टम को सुप्रीम कोर्ट ने रद्द क्यों किया? उन्होंने यह भी कहा कि जिन लोगों ने भाजपा को चुनाव के नाम पर करोड़ों की रकम दी, भाजपा उनका नाम क्यों नहीं उजागर कर रही है? उन्होंने पीएम मोदी पर तंज कसते हुए कहा कि इलेक्टोरल बॉन्ड अपने आपमें दुनिया का सबसे बड़ा संगठित घोटाला है। इसमें सरकारी एजेंसी और बीजेपी नेतृत्व की भूमिका संदेहास्पद है। इस प्रकार इलेक्टोरल बांड सबसे बड़ा एक्सटॉर्शन है और पीएम मोदी भ्रष्टाचार के चैंपियन हैं।
राहुल गांधी के संबोधन से पहले अखिलेश यादव ने सभी को रामनवमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मुझे खुशी है आज हम मिलकर प्रेस कॉन्फ्रेंस कर रहे हैं। यूपी में गाजियाबाद से लेकर गाजीपुर तक भाजपा का सफाया होने जा रहा है। भाजपा की हर बात झूठी निकली। न किसान की आय दोगुनी हुई, न युवाओं को रोजगार मिला, विकास के वादे भी अधूरे हैं। इलेक्टोरल बॉन्ड ने इनकी पोल खोल दी है। भाजपा भ्रष्टाचारियों का गोदाम बन गई है। लूट और झूठ भाजपा की पहचान बन गई है।
मंच पर राष्ट्रीय महासचिव व उत्तरप्रदेश प्रभारी अविनाश पांडेय, उत्तर प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष अजय राय, एआईसीसी के संचार प्रमुख जयराम रमेश, सोशल मीडिया प्रमुख सुप्रिया श्रीनेत, पूर्व सपा मंत्री शाहिद मंजूर आदि मौजूद रहे। साथ ही राहुल गांधी और अखिलेश यादव ने गाजियाबाद लोकसभा क्षेत्र के इंडिया गठबंधन की प्रत्याशी डॉली शर्मा, बागपत से सपा प्रत्याशी अमरपाल शर्मा, गौतमबुद्धनगर से सपा पार्टी महेंद्र नागर आदि के साथ फोटो भी खिंचवाए। इस अवसर पर कांग्रेस मीडिया विभाग से विनीत पुनिया, यूपी के कोषाध्यक्ष शिव पांडेय, गाजियाबाद महानगर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष नरेंद्र भारद्वाज, फॉक्सस्काई के डायरेक्टर मनीष भारद्वाज, कांग्रेस जिलाध्यक्ष विनीत त्यागी, महानगर अध्यक्ष विजय चौधरी, सपा के जिलाध्यक्ष फैजल हुसैन, महानगर अध्यक्ष वीरेंद्र यादव, पूर्व मंत्री नरेंद्र त्यागी, महिला कांग्रेस अध्यक्ष संगीता त्यागी, महानगर कांग्रेस अध्यक्ष सोनल नागर, पूर्व मंत्री सतीश शर्मा, पुष्पा रावत आदि उपस्थित रहे।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*