राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
गाजियाबाद। विद्यार्थियों के जीवन में विद्यालय का अंतिम दिन सदैव भावनाओं से भरा एवं अविस्मरणीय होता है। एक ओर उज्ज्वल भविष्य आशाओं की बाहें फैलाए उनका स्वागत करने को तत्पर रहता है तो दूसरी ओर विद्यालय की मधुर स्मृतियाँ, शिक्षकों का स्नेह और अपनापन उनके मन को वहीं ठहर जाने को विवश कर देता है। आंखें नम और दिल में यादें, कभी खुशी कभी गम! विदाई का भावुक वक्त! ऐसा ही भावनात्मक वातावरण इंदिरापुरम पब्लिक स्कूल प्रताप विहार में सोमवार को आयोजित विदाई समारोह ‘लम्हे’ में देखने को मिला।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के निदेशक पंकज जोशी, प्रधानाचार्य मधुकर प्रिय एवं अन्य पदाधिकारियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। कक्षा 11 के विद्यार्थियों ने नृत्य, संगीत, खेलों एवं रैम्प वॉक के माध्यम से अपने सीनियर्स को स्नेहपूर्ण विदाई दी। कार्यक्रम के दौरान शिक्षकों द्वारा विद्यार्थियों के व्यक्तित्व, प्रतिभा एवं उपलब्धियों को प्रतिबिंबित करने वाली सम्मानसूचक उपाधियाँ प्रदान की गईं। जबकि 12वीं के विद्यार्थियों ने विद्यालय से जुड़ी अपनी स्मृतियाँ साझा कर सभी को भाव-विभोर कर दिया।
12वीं के विद्यार्थियों की विदाई के साथ-साथ विद्यालय के खेल विभाग के वरिष्ठ एवं प्रिय अध्यापक नटराज सिंह के कार्यकाल का अंतिम दिन भी आज था। ऐसे में यह विद्यालय के लिए बहुत ही भावुक कर देने वाला क्षण था। क्योंकि किसी ने कभी सोचा ही नहीं था कि इतने वर्षों से नटराज सिंह एकसाथ काम कर रहे कभी इस संस्थान को छोड़कर अलविदा कहेंगे। वातावरण कुछ क्षण के लिए गमगीन हो उठा।
लेकिन जल्द ही वह क्षण भी आया, जब बच्चों के चेहरे पर मुस्कान देखने को मिली। रैम्प वॉक के तीन चरणों के उपरांत प्रश्नोत्तर चरण के आधार पर मान्यता जोशी को मिस आई.पी.एस. एवं दिव्यांश शर्मा को मिस्टर आई.पी.एस. 2025–26 चुना गया। इस अवसर पर श्रीमती पारुल गौर, श्रीमती रेनू गुप्ता, श्रीमती पूजा भसीन, शेफाली सिंह एवं अंजलि सिरोही आदि गणमान्य उपस्थित रहे।


Leave a Reply