राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
नई दिल्ली। दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा है कि देश के इतिहास में पहली बार किसी नगर निगम को अपने कर्मचारियों को वेतन देने के लिए अपनी संपत्ति बेचनी पड़ेगी। उन्होंने कहा कि दिल्ली के नगर निगम कई महीनों से अपने कमर्चारियों को वेतन देने में नाकाम रही है, इसलिए कोर्ट ने निगमों को फटकार लगाते हुए कहा है कि निगम अपनी संपत्तियां बेचकर कर्मचारियों को वेतन दे।
उप मुख्यमंत्री सिसोदिया ने इसे भाजपा शासित दिल्ली नगर निगम के लिए शर्मनाक बताया है। उन्होंने कहा कि बीजेपी शासित दिल्ली नगर निगम आज एक अभूतपूर्व संकट में है। पिछले 20 साल से दिल्ली के लोगों ने भरोसा करके बीजेपी को नगर निगम का शासन सौंपा लेकिन बीजेपी ने सिर्फ लोगों के विश्वास को तोड़ने का काम किया है। बीजेपी ने निगम में काम करने की जगह उसे बदहाल कर दिया। यही कारण है कि आज दिल्ली के निगमों को इस संकट का सामना करना पड़ रहा है।


Leave a Reply