- प्रीतिका बच्चन
गौतमबुद्धनगर। विश्वव्यापी कोरोना संकट काल के कारण देश में लॉकडाउन का तीसरा चरण तीन मई के बाद से शुरू हो जाएगा, जो 17 मई तक चलेगा। ऐसे में देश के तमाम गरीब-मजदूरों की परेशानी बढ़ गई है, लेकिन वे इस कोरोना की जंग में लगातार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ हैं। यह कहना है महिलाओं की अखिल भारतीय संस्था ‘महिला उन्नति संस्था’ (भारत ) की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की सदस्य डॉ पूनम वर्मा का।
डॉ पूनम ने जरूरतमंदों की मदद करने का संकल्प लिया है। उन्होंने देश के लोगों के स्वास्थ्य की मंगलकामना करते हुए सभी से अपील की है कि वे कोरोना संकट काल को पूरी तरह ख़त्म करने के उद्देश्य से माननीय गृह मंत्रालय (भारत सरकार ) द्वारा लॉकडाउन की अवधि (17 मई) और बढ़ाए जाने पर विचलित न हों। वे अपनी तथा अपने परिचितों की स्वास्थ्य की रक्षा के लिए लॉकडाउन का पूर्ण पालन करें।
डॉ पूनम वर्मा ने राष्ट्रीय जनमोर्चा के इस संवाददाता से फोन पर बातचीत करते हुए कहा है कि लोगों से हमारी अपील है कि कोरोना वायरस को एक व्यक्ति से दूसरे व्यक्ति तक पहुंचने के क्रम को न बढ़ने दें। उन्होंने समाज से यह भी अनुरोध किया है कि वे इस संकट की घड़ी में आगे आएं और अपना ख़याल रखते हुए अपने आसपास रह रहे जरूरतमंद लोगों की अपने स्तर से मदद करें। ‘नर सेवा ही नारायण सेवा है।’
इस बीच महिला उन्नति संस्था के संस्थापक एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ राहुल वर्मा ने कोरोना महामारी से समाज के बचाव के तरीकों की संस्था के पदाधिकारियों के साथ एक बैठक कर समीक्षा की और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की रणनीति की तारीफ की गई। डॉ राहुल वर्मा ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कोरोना के खिलाफ मिलकर लड़ने के लिए की जा रही कोशिशों की भी तारीफ की। खुद डॉ वर्मा ने भी कहा है कि कोरोना के खिलाफ जीतने के लिए मिलकर लड़ना जरूरी है। शांति, एकता और सद्भावना बनाए रखना भी जरूरी है।


Leave a Reply