राष्ट्रीय जनमोर्चा। ब्यूरो
ग्रेटर नोएडा। नॉलेज पार्क-3 स्थित प्रिंस इंस्टीट्यूट ऑफ इन्नोवेटिव टेक्नोलॉजी (PIIT) के सभागार में 1857 की क्रांति के अमर शहीद ठा. दरियाव सिंह लोधी की पुनर्प्रतिष्ठा के संदर्भ में रविवार को गोल मेज सम्मेलन किया गया। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के कई जिलों से आए लोधी समाज व संगठन के लोग एकत्रित रहे। इस बीच सम्मेलन के मुख्य अतिथि केंद्रीय राज्य मंत्री बीएल वर्मा ने ठाकुर दरियाव सिंह लोधी के अधिकारिक चित्र का अनावरण किया, जो एक महत्वपूर्ण ऐतिहासिक और सामाजिक सम्मान का प्रतीक है।
मंत्री बीएल वर्मा ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि अमर शहीद ठाकुर दरियाव सिंह लोधी उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले के खागा के तालुकेदार और 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम के एक प्रमुख नायक थे। नाना साहेब पेशवा द्वितीय के आह्वान पर उन्होंने ब्रिटिश शासन के खिलाफ विद्रोह का नेतृत्व किया और 19 जून 1857 को फतेहपुर के कोषागार पर अधिकार कर स्वतंत्र शासन की स्थापना की। उन्होंने कटोधन और कसया में अंग्रेजी सेना को परास्त किया, जिसके बाद 6 मार्च 1858 को देश के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया।
उल्लेखनीय है कि केंद्रीय राज्य मंत्री बीएल वर्मा लगातार लोधी समाज व स्वतंत्रता संग्राम के नायकों की विरासत को सम्मान दिलाने वाले कार्यक्रमों में सक्रिय रहते हैं। इससे पहले भी उन्होंने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया के माध्यम से ठाकुर दरियाव सिंह लोधी के बलिदान दिवस पर उन्हें नमन करते हुए उनके योगदान को रेखांकित किया था।
रविवार, 22 नवंबर को आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के साथ पीआईआईटी के चेयरमैन प्रोफेसर (डॉ.) भरत सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर मां सरस्वती की वंदना के साथ किया। डॉ. सिंह ने केंद्रीय राज्य मंत्री बीएल वर्मा का पुष्पगुच्छ देकर उनका स्वागत-सत्कार किया और अंगवस्त्र व प्रतीक चिन्ह देकर उन्हें सम्मानित भी किया।
इस अवसर पर चेयरमैन मैम मिथिलेश सिंह, पीआईआईटी की वरिष्ठ अधिकारी श्रीमती जागेश सिंह, कार्यक्रम के आयोजक अमित राजपूत, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और अन्य राज्यों के कई जिले से आए लोधी समाज व संगठन के लोग उपस्थित रहे। सभी ने एकसाथ अमर शहीद ठाकुर दरियाव सिंह लोधी की पुनर्प्रतिष्ठा के लिए संकल्प लिया।

जितेन्द्र बच्चन भारत में सीनियर जर्नलिस्ट हैं और राष्ट्रीय पुरस्कार ‘भारत गौरव’ से सम्मानित हैं। पत्रकारिता में 38 वर्षों से अधिक का अनुभव रखते हैं। दैनिक जागरण में चीफ रिपोर्टर, पंजाब केसरी में सहायक संपादक और हिंदुस्थान समाचार में नेशनल ब्यूरो दिल्ली में CBI BEAT पर रहने के बाद अब राष्ट्रीय जनमोर्चा के सम्पादक हैं।

Leave a Reply