शिक्षा मंत्री संदीप सिंह भाई संग बने दूल्हा, बधाई देने पहुंचे PIIT के चेयरमैन डॉ. भरत सिंह

राष्ट्रीय जनमोर्चा। संवाददाता
अलीगढ़। उत्तर प्रदेश के बेसिक शिक्षा मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संदीप सिंह शादी के बंधन में बंधने जा रहे हैं। उन्होंने शनिवार को गाजियाबाद की मेघना चौधरी के साथ अलीगढ़ में आयोजित एक भव्य समारोह में सगाई की, तो साथ में उनके भाई सौरभ सिंह की भी अंतरा त्यागी से एक ही मंच पर सगाई हुई। इस कार्यक्रम में दूल्हा बने दोनों भाइयों को हजारों वीआईपी और मेहमान बधाई देने पहुंचे, जिनमें दिल्ली एनसीआर के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान प्रिंस इंस्टीट्यूट ऑफ इन्नोवेटिव टेक्नोलॉजी (PIIT) के चेयरमैन प्रोफेसर (डॉ.) भरत सिंह भी उपस्थित रहे।

मेहमानों के साथ (लाल टाई में) बीच में पीआईआईटी के चेयरमैन प्रोफेसर (डॉ.) भरत सिंह


डॅा. भरत सिंह ने यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री एवं राजस्थान के राज्यपाल रहे स्वर्गीय बाबू कल्याण सिंह के दोनों सुपौत्रों को नए जीवन की शुरुआत के लिए हृदय से बधाई देते हुए ईश्वर से प्रार्थना की है कि दोनों के जीवन में सुख, समृद्धि और खुशियों का सदैव वास रहे तथा उनका भावी जीवन प्रेम, विश्वास और खुशहाली से परिपूर्ण हो।
उल्लेखनीय है कि संदीप और उनके भाई सौरभ पिता राजवीर सिंह ‘राजू भैया’ सांसद रह चुके हैं। शनिवार, 14 नवंबर को परिवार में इस मांगलिक आयोजनों को लेकर खुशियां थीं तो दूसरी ओर प्रदेश की राजनीति के दिग्गजों का जमावड़ा भी लगा। दूल्हा बने दोनों भाइयों को सगाई समारोह में बधाई देने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित कई दिग्गज नेता पहुंचे।
करीब सौ बीघे में सजे भव्य पंडाल में कहीं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की धूम रही तो कहीं मेहमानों के स्वागत व खानपान का शाही इंतजाम था। सबसे पहले सेरेमनी हाल में दावत का सिलसिला शुरू हुआ। एक-एक हजार लोगों के बैठने के लिए अलग-अलग सेक्शन बनाए गए थे। मुख्य समारोह स्थल पर अतिथियों का स्वागत हो रहा था। राधा-कृष्ण बने कलाकार सांस्कृतिक कार्यक्रमों को चार चांद लगा रहे थे। लोगों की नजरें दोनों दुल्हनों के अंदाज पर टिकी थीं, जिनका रॉयल अंदाज देखते ही बनता था।
सगाई समारोह में मौजूद पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय कल्याण सिंह की पत्नी श्रीमती राजवती देवी, पूर्व सांसद राजवीर सिंह राजू भैया और प्रेमलता वर्मा समेत वर-वधू पक्ष के परिजनों ने दोनों जोड़ों को आशीर्वाद देकर उनके सुखद वैवाहिक जीवन की मंगलकामना की। अब दोनों भाइयों का विवाह 26 नवंबर 2026 को नई दिल्ली के ‘द लीला होटल’ में संपन्न होगा और 27 नवंबर को जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में रिसेप्शन होना प्रस्तावित है। शादी समारोह में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी समेत अन्य दिग्गजों के शामिल होने की चर्चाएं हैं।

admin
About admin 3409 Articles
जितेन्द्र बच्चन भारत में सीनियर जर्नलिस्ट हैं और राष्ट्रीय पुरस्कार 'भारत गौरव' से सम्मानित हैं। पत्रकारिता में 38 वर्षों से अधिक का अनुभव रखते हैं। दैनिक जागरण में चीफ रिपोर्टर, पंजाब केसरी में सहायक संपादक और हिंदुस्थान समाचार में नेशनल ब्यूरो दिल्ली में CBI BEAT पर रहने के बाद अब राष्ट्रीय जनमोर्चा के सम्पादक हैं।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*