राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
गाजियाबाद। वृक्ष हमारे जीवन का आधार होते हैं। पेड़ हमें जीवन प्रदान करने वाली ऑक्सीजन गैस प्रदान करते हैं, जिसके बिना हमारा अस्तित्व असंभव है। इसलिए हर व्यक्ति को अपने जीवन में अधिक से अधिक पौधे लगाकर उनका लालन-पालन करने के साथ संरक्षण भी करना चाहिए। यह कहना है हिन्दुस्तान के जाने-माने नाक-कान और गला विशेषज्ञ डॉ. बीपी त्यागी का।
डॉ त्यागी ने राजनगर स्थित हर्ष पॉली क्लीनिक के समीप एक पार्क में पौधारोपण किया। वह अब तक करीब 250 पौधे लगा चुके हैं। कुछ वृक्ष तो इतने बड़े हो गए हैं कि उनकी छाया में तमाम लोग कई तरह के लाभ अर्जित कर रहे हैं। डॉ त्यागी ने पौधारोपण के अवसर पर कहा कि वृक्ष हमारा जीवन है। इनके कारण ही वातावरण स्वच्छ होता है। इनसे हमें ऑक्सीजन मिलती है। ख़ासकर पीपल हमें 24 घंटे ऑक्सीजन देता है ।
उन्होंने राष्ट्रीय जनमोर्चा से बात करते हुए कहा कि मनुष्य के अस्तित्व के लिए आवश्यक शर्तों में से एक ऑक्सीजन है और यह पेड़ों द्वारा उपलब्ध कराया गया है। पेड़ कार्बन डाईऑक्साइड और सांस छोड़ते हैं। हम जितने अधिक पेड़ लगाते हैं, उतने ही अधिक ऑक्सीजन हम प्राप्त करते हैं। यही कारण है कि हरे पेड़ों और पौधों से भरे पार्क में सुबह की सैर के लिए जाना हमारी इंद्रियों को फिर से जीवंत करने में मदद करता है और हमें तरोताजा महसूस कराता है।
डॉ बीपी त्यागी ने कहा कि पौधे लगाने के बाद काम खत्म नहीं हो जाता। जैसे आप एक बच्चे का बड़े होने तक ख्याल रखते हैं, ठीक उसी तरह आपको एक पौधे का भी तबतक ख्याल रखना है, जबतक वह बड़ा नहीं हो जाता। उन्होंने बताया कि गाजियाबाद में वह करीब 9 साल से हर्ष क्लीनिक का संचालन कर रहे हैं। इस दौरान वह हर साल इस क्षेत्र में पौधे लगाते आ रहे हैं। ग्रीन बेल्ट, पार्क आदि जगहों में वह अबतक ढाई सौ पौधे लगा चुके हैं। जिनमें पीपल, पिलखन, बरगद, जामुन, अशोक, कदम व नीम के पोधे शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि अपने द्वारा इन पौधों को आज इतने बड़े-बड़े पेडों के रूप में देखकर बहुत ही सुखद अनुभूति होती है। हम सभी को हर साल कुछ पौधे अवश्य लगाने चाहिए और उनका एक बच्चे के तहर से ही ख्याल रखना चाहिए। इस दौरान हर्ष त्यागी, सचिन त्यागी व अस्पताल का अन्य स्टाफ मौजूद रहा।


Leave a Reply