राष्ट्रीय जनमोर्चा। संवाददाता
ग्रेटर नोएडा। दिल्ली एनसीआर के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान प्रिंस इंस्टीट्यूट ऑफ इन्नोवेटिव टेक्नोलॉजी (PIIT) ग्रेटर नोएडा में गुरुवार को संविधान दिवस का आयोजन किया गया। चेयरमैन प्रोफेसर (डॉ.) भरत सिंह ने विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ संवैधानिक मूल्यों, मौलिक अधिकारों एवं नागरिक कर्तव्यों के प्रति जागरूकता का संदेश दिया। साथ ही भारतीय संविधान की मूल भावना, संवैधानिक नैतिकता तथा लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने में शिक्षकों की अहम भूमिका पर विशेष रूप से प्रकाश डाला। उन्होंने बाबासाहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर और संविधान सभा के सदस्यों के योगदान को याद करते हुए कहा कि इनके आदर्शों को केवल शब्दों तक सीमित न रखें, बल्कि रोजमर्रा के जीवन में उतारें।
पीआईआईटी के निदेशक प्रोफेसर आरके शाक्य ने सभी को संविधान के आदर्शों व मूल्यों का पालन करने की शपथ दिलाते हुए संविधान निर्माण की प्रक्रिया से अवगत कराया। संस्थान के सहायक निदेशक व वरिष्ठ पत्रकार डॉ. जितेन्द्र बच्चन ने कहा कि संविधान केवल एक किताब नहीं है। यह भारत की आत्मा है। यह हमें समानता, स्वतंत्रता, न्याय और बंधुत्व का संदेश देता है। हम सभी को संविधान के आदर्शों को अपने आचारण में उतारना चाहिए।
प्रोफेसर बबलू रावत ने कहा कि न्याय, स्वतंत्रता, समानता और एकता जैसे संवैधानिक आदर्श एक सशक्त एवं समावेशी समाज के निर्माण का आधार हैं। अन्य वक्ताओं ने भी संविधान के मौलिक अधिकारों व नागरिक कर्तव्यों के प्रति जागरूक किया। साथ ही 26 नवंबर को आयोजित इस कार्यक्रम में फैकल्टी और छात्र-छात्राओं ने संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया तथा रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से संविधान निर्माण की गौरवशाली यात्रा, संविधान सभा के सदस्यों और उनके योगदान को जाना।
कार्यक्रम के जरिए नई पीढ़ी को न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व के संवैधानिक आदर्शों से भी परिचित कराया गया। अंत में PIIT की चेयरमैन मैम मिथिलेश सिंह और वरिष्ठ अधिकारी श्रीमती जागेश सिंह ने राष्ट्र गान प्रस्तुत कर कार्यक्रम का समापन किया। इस अवसर पर शिक्षण संस्थान के सभी शिक्षक, कर्मचारी और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

जितेन्द्र बच्चन भारत में सीनियर जर्नलिस्ट हैं और राष्ट्रीय पुरस्कार ‘भारत गौरव’ से सम्मानित हैं। पत्रकारिता में 38 वर्षों से अधिक का अनुभव रखते हैं। दैनिक जागरण में चीफ रिपोर्टर, पंजाब केसरी में सहायक संपादक और हिंदुस्थान समाचार में नेशनल ब्यूरो दिल्ली में CBI BEAT पर रहने के बाद अब राष्ट्रीय जनमोर्चा के सम्पादक हैं।

Leave a Reply