प्रताप विहार में दो दिन पहले बना आरसीसी नाला धराशायी, नगर निगम की पोल खुली

राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
गाजियाबाद। नगर निगम में भ्रष्टाचार कम होने का नाम नहीं ले रहा है। आए दिन नए-नए मामले सामने आ रहे हैं, फिर भी ठेकेदार और कर्मचारियों का गठजोड़ कायम है और लूट-खसोट जारी है। निगम के ठेकेदार और अधिकारियों की मिलीभगत का ही नतीजा है कि एक ठेकेदार ने अभी दो दिन पहले प्रताप विहार सेक्टर-11 जी ब्लाक में दो जो आरसीसी नाला बनवाया था, वह सोमवार की शाम धराशायी हो गया। नाला की दीवार गिरने से पूरे क्षेत्र के लोगों में रोष व्याप्त है।
दरअसल, नगर निगम द्वारा पूरे शहर में नालों का निर्माण किया जा रहा है। इसी कड़ी में विजयनगर क्षेत्र में भी नालों का निर्माण कार्य जारी है। प्रताप विहार सेक्टर 11 जी ब्लाक चिल्ड्रन्स एकेडमी स्कूल के बाहर भी नाला बनाया जा रहा है। लेकिन यहां ठेकेदार द्वारा घटिया साम्रगी का इस्तेमाल किया जा रहा है। नतीजतन दो दिन पहले जो नाला यहां बनाकर तैयार किया गया, वह सोमवार की शाम धराशायी हो गया। स्थानीय कुछ लोगों ने संबंधित अधिकारियों को इसकी सूचना दी है लेकिन ठेकेदार के खिलाफ अभी तक कोई कार्यवाही नहीं की गई है। वहीं यह सिर्फ एक नाला निर्माण की बात है। अगर विजयनगर क्षेत्र में नगर निगम द्वारा कराए जा रहे अन्य विकास कार्यों की जांच कराई जाए तो और भी कई जगह मिलावट, घटिया साम्रगी का प्रयोग और मिलीभगत का खुलासा हो सकता है।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*