राष्ट्रीय जनमोर्चा ब्यूरो
नई दिल्ली। देश के कई राज्यों में कोरोना महामारी से बचाव के लिए लगाए गए आंशिक व पूर्ण लॉकडाउन से उत्पन्न आर्थिक स्थितियों से अधिकतर लोग बुरी तरह प्रभावित हैं। जो लोग इस महामारी से पीड़ित नहीं हैं, वे बच गए हैं लेकिन रोज़मर्रा की आवश्यक ज़रूरतों का पूरा न होना उनके लिए भी अलग मुश्किलें खड़ी कर रहा है। ज्यादातर लोग बेरोजगार हो गए हैं। रोजी-रोजी का कोई साधन नहीं बचा है। घर के बाहर जाते हैं तो कोरोना नहीं जीने देगा और घर के अंदर भूख से बिलबिलाते बच्चे अब देखे नहीं जाते। ऐसे में राष्ट्रवादी विकास पार्टी गरीब और जरूरतमंद परिवारों के लिए एक मददगार के रूप में आगे आई है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ अनूप कुमार श्रीवास्तव के आह्वान पर पार्टी के तमाम कार्यकर्ता और पदाधिकारी कोरोना महामारी के इस संकटकाल में जरूरतमंदों की ‘अन्न सेवा’ करने में लगे हुए हैं जो इंसानियत और मानवता के लिए एक मिसाल है।
डॉ श्रीवास्तव ने कहा कि केंद्र सरकार ने इस बात की कोई घोषणा नहीं की है कि देश में फैले कोविड-19 को नियंत्रित करने के लिए लॉकडाउन के कारण पहले से ही सामना कर रहे आर्थिक आपातकाल से निपटने की उसकी क्याा योजना है? ऐसी स्थिति में गरीब, लाचार, मजदूरों और प्रवासियों की तत्काल सहायता तथा स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक दवाओं का वितरण करना बहुत जरूरी है। केन्द्र सरकार हो या राज्य की सरकारें, उन्हें इस पर गौर करना चाहिए। उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी के प्रसार और इसके आगे के प्रकोप को नियंत्रित करने के लिए लागू किए गए लॉकडाउन ने ऐसे लाखों लोगों के जीवन में एक आर्थिक तबाही मचा दी है, जो अनौपचारिक क्षेत्र में काम करते हैं। इनमें न केवल दिहाड़ी मज़दूर हैं बल्कि अनियमित अर्थव्यतवस्था। में काम करने वाले मजदूर भी शामिल हैं।
राष्ट्रवादी विकास पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ श्रीवास्तव ने कहा कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बेरोजगार हुए दिहाड़ी मजदूरों, रिक्शा चालकों व अन्य कामगारों के लिए तीन महीने का भत्ता देने और केन्द्र सरकार ने मुफ्त राशन देने की घोषणा की है। लेकिन हकीकत में यह योजना यूपी में कामयाब नहीं हो रही है। बिहार में भी कमोवेश यही हालत है। ऐसे में उनकी पार्टी बिहार और उत्तर प्रदेश के कई जिलों में जरूरतमंदों को दवा, भोजन और राशन का नि:शुल्क वितरण कर रही है। यूपी के लखनऊ, प्रयागराज और चंदौली (वाराणसी) में कई ऐसे श्मशान घाट हैं, जहां सूचना मिलने पर मिशन ‘अन्न सेवा’ के साथ-साथ अंतिम दाह-संस्कार के लिए पार्टी के कार्यकर्ता लकड़ियों और अन्य सामग्री की भी व्यवस्था करते हैं। उन्होंने बताया कि इस मानव सेवा के कार्य में प्रयागराज के धर्मेंद्र श्रीवास्तव एडवोकेट, लखनऊ के डॉ पी.पी. खंडेलवाल और चंदौली के आर्यन राज श्रीवास्तव का ‘अन्न सेवा’ में विशेष सहयोग मिल रहा है। अन्य जिलों में भी शीघ्र ही राष्ट्रवादी विकास पार्टी गरीबों और मजदूरों के लिए मिशन ‘अन्न सेवा’ के तहत मदद-इमदाद की व्यवस्था शुरू करेगी।


Leave a Reply