राष्ट्रीय जनमोर्चा। संवाददाता
गौतमबुद्ध नगर। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र ग्रेटर नोएडा में नॉलेज पार्क-3 स्थित प्रिंस इंस्टीट्यूट ऑफ इन्नोवेटिव टेक्नोलॉजी (PIIT) के सभागार में रविवार को 1857 की क्रांति के अमर शहीद सेनानी खागा (फतेहपुर) के तालुकेदार ठाकुर दरियाव सिंह लोधी की पुनर्प्रतिष्ठा के संदर्भ में प्रथम गोलमेज सम्मेलन का आयोजन किया गया। बैठक को संबोधित करते हुए PIIT के चेयरमैन प्रोफेसर (डॉ.) भरत सिंह ने महापुरुषों के विचारों और उनके आदर्शों को स्मरण करते हुए कहा कि शिक्षा, एकता और सामाजिक उत्थान की दिशा में सामूहिक प्रयास करना हम सभी का दायित्व है।
उन्होंने समाज की मजबूती, प्रतिभावान विद्यार्थियों के लिए शिक्षा व मार्गदर्शन, युवाओं को कौशल विकास से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाने तथा नशामुक्ति व सामाजिक सुधार जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर सार्थक विचार-विमर्श करते हुए कहा कि शिक्षा और एकता मिलकर किसी भी समाज को जागरूक, आत्मनिर्भर और सशक्त बनाती हैं। शिक्षा सोचने की क्षमता और अवसर देती है, जबकि हमारी एकता समाज को ताकत और आपसी सहयोग को मजबूत करती है।
नशामुक्ति का संकल्प लेने का आह्वान :
22 नवंबर के कार्यक्रम में डॉ. भरत सिंह ने अपने संकल्प को दोहराते हुए कहा कि समाज का कोई भी बच्चा आर्थिक अभाव के कारण पढ़ाई से वंचित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने लोधी समाज के ऐसे जरूरतमंद और प्रतिभाशाली छात्रों की सूची तैयार करने का आह्वान किया ताकि उनकी शिक्षा पूरी कराने के लिए पीआईआईटी ग्रेटर नोएडा आवश्यक व्यवस्था कर सके। डॉ. सिंह ने ‘बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ’ अभियान को भी साझा करते हुए महिला सशक्तिकरण पर जोर दिया। साथ ही नशे को शरीर, स्वास्थ्य, धन और परिवार के विनाश की जड़ बताते हुए पूरे समाज से एकजुट होकर नशामुक्ति का संकल्प लेने का आह्वान किया।
शहीद दरियाव सिंह का आधिकारिक चित्र लोकार्पित :
सम्मेलन में शहीद दरियाव सिंह लोधी के एक आधिकारिक मौलिक चित्र का कार्यक्रम के मुख्य अतिथि केन्द्रीय राज्य मंत्री बीएल वर्मा, बालाघाट के पूर्व सांसद कंकर मुंजारे, पीआईआईटी के चेयरमैन डॉ. भरत सिंह और लोधी महासभा के महामंत्री हुकुम सिंह देशराजन ने संयुक्त रूप से अनावरण किया। साथ ही अमित राजपूत द्वारा लिखे ‘लोधी वीर महान’ शीर्षक से एक गीत भी रिलीज किया गया।

मंत्री बीएल वर्मा ने सहभागिता को सराहा :
कई जिलों से एकत्र हुए लोधी समाज के शिक्षाविदों, समाजसेवियों एवं राजनीतिक क्षेत्र में सक्रिय प्रबुद्धजनों के साथ अमर शहीद दरियाब सिंह लोधी की स्मृति एवं समाज से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर आयोजित चिंतन बैठक को केंद्रीय राज्य मंत्री बीएल वर्मा ने भी संबोधित किया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश एवं मध्य प्रदेश से बड़ी संख्या में आए सामाजिक कार्यकर्ताओं की सहभागिता ने इस बैठक को सार्थक बनाया है। उन सभी का बहुत-बहुत आभार।
शहीद के इतिहास को विद्रूपित करने का आरोप :
शहीद दरियाव सिंह लोधी के लिए अमित राजपूत द्वारा आयोजित गोलमेज सम्मेलन में विभिन्न प्रान्तों के अलग-अलग विचारधारा वाले नेता, वकील, शिक्षाविद्, पत्रकार और सामाजिक संगठनों के लोग शामिल रहे। इस बीच अमित राजपूत ने दरियाव सिंह लोधी से संबंधित मौलिक साक्ष्यों को सार्वजनिक करते हुए बताया कि खागा के कुछ लोगों द्वारा शहीद की गढ़ी पर अवैध कब्जा कर उनके इतिहास को विद्रूपित किया जा रहा है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सूबे की सरकार और प्रशासन के लोग इस काम में उनकी मदद कर रहे हैं।
प्रशासन ने साधी चुप्पी :
अमित राजपूत के अनुसार, शहीद दरियाव सिंह जिस सिंगरौर-लोधी समुदाय से संबंधित हैं, वह एक विमुक्त जाति है और उस समाज के लोगों को प्रशासन द्वारा लाभ से वंचित किए जाने के कुटिल प्रयास किए जा रहे हैं। जबकि प्रशासन के साथ इस संबंध में लगातार संवाद जारी है, लेकिन प्रशासन इस विषय पर चुप्पी साधे हुए है। उन्होंने बताया कि अगर प्रशासन ने शहीद और विमुक्त समुदाय के साथ शीघ्र न्याय नहीं किया तो वह निकट भविष्य में जनता के बीच न्याय की गुहार लगाएंगे।
गुर्जर समाज का मिला समर्थन :
सम्मेलन में विमुक्त समुदाय गुर्जर के प्रतिनिधियों ने भी हिस्सेदारी की और क्रांतिकारी दरियाव सिंह लोधी की पुनर्प्रतिष्ठा का संकल्प लिया। समाजवादी पार्टी के प्रदेश सचिव ज्ञानेश लोधी ने कहा कि सूबे की सरकार खागा के लोधियों का शोषण कर रही है। इस मौके पर डॉ. बी.के. लोधी, प्रमुख समाजसेवी हुकम सिंह देशराजन, एस.पी. वर्मा, आर के राजपूत, योगेंद्र राजपूत आदि गणमान्यजन उपस्थित रहे।

जितेन्द्र बच्चन भारत में सीनियर जर्नलिस्ट हैं और राष्ट्रीय पुरस्कार ‘भारत गौरव’ से सम्मानित हैं। पत्रकारिता में 38 वर्षों से अधिक का अनुभव रखते हैं। दैनिक जागरण में चीफ रिपोर्टर, पंजाब केसरी में सहायक संपादक और हिंदुस्थान समाचार में नेशनल ब्यूरो दिल्ली में CBI BEAT पर रहने के बाद अब राष्ट्रीय जनमोर्चा के सम्पादक हैं।

Leave a Reply