इंदिरापुरम पब्लिक स्कूल प्रताप विहार के वार्षिक फेट का लोगों ने लिया आनंद

राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता

गाजियाबाद। इंदिरापुरम पब्लिक स्कूल प्रताप विहार के प्रांगण में 19 अक्टूबर 2019 को वार्षिक फेट (यूफोरिया) का शानदार आयोजन किया गया। विद्यालय प्रांगण में चहल-पहल सुबह नौ बजे से ही प्रारंभ हो गई थी, लेकिन कार्यक्रम की शुरुआत तपेन्दु ऐलूकेशन सोसाइटी की अध्यक्ष श्रीमती शालिनी सिंह एवं अन्य सम्मानित अतिथियों के आगमन के साथ हुई। सभी अतिथियों ने बारी-बारी से सभी स्टॉल्स पर जाकर रोमांचक खेलों और स्वादिष्ट व्यंजनों का आनंद उठाया। साथ ही आयोजन की सराहना की। शनिवार को आयोजित यूफोरिया में लगभगग 40 स्टॉल थे। नंबर गेम, हिट द टारगेट, लकी सेवन, पिरामिड मेकिंग, म्यूजिकल चेयर, तम्बोला, मैच द नम्बर, डाइस गेम, पार्बल पॉप, टर्न द लेमन, सॉल्व द रिडल, ड्रॉप द बॉल जैसे रोमांचक खेलों की व्यवस्था थी, तो साथ में मुंह में पानी लाने वाले स्वादिष्ट व्यंजन भेलपूरी, छोले-भटूरे, चिली-पटेटो, गोल-गप्पे, मोमोज, बर्गर, चाउमीन विभिन्न प्रकार के जूस तथा कोल्ड ड्रिंक्स आदि भी बेचे जा रहे थे। छोटे बच्चों से लेकर युवाओं तक के लिए विभिन्न प्रकार के झूले भी आगन्तुक समुदाय को आकर्षित कर रहे थे। यहां बच्चों की रचनात्मक तथा कलात्मक अभिव्यक्ति के लिए जहां आर्ट एवं क्राफ्ट प्रतियोगिता की व्यवस्था थी, वहीं नृत्य प्रतियोगिता भीड़ को अपनी ओर आकर्षित कर रही थी। सभी स्टॉल्स पर लोगों को आकर्षित करने के लिए एक आन्तरिक प्रतियोगिता चल रही थी। विद्यालय की मीडिया प्रभारी प्रिया वर्मा ने बताया कि अभिभावकों को वार्षिक फेट बहुत अच्छा लगा। उन्होंने खेलों, व्यंजनों, प्रतियोगिताओं और झूलों का भरपूर आनंद लिया। शाम को विद्यालय की प्रधानाचार्य श्रीमती रेनू शर्मा ने लकी ड्रॉ के द्वारा 10 सांत्वना पुरुस्कारों तथा तीन आकर्षक पुरुस्कारों का वितरण कर कार्यक्रम का समापन किया। इस अवसर पर सभी तमाम गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*