डोर टू डोर कैश निकालने की मिलेगी सुविधा
विवेक श्रीवास्तव
सुलतानपुर । कोविड-19 वैश्विक महामारी के संक्रमण से बचाव हेतु लाॅक डाउन को देखते हुये जिलाधिकारी सी0 इन्दुमती ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट परिसर से बैंक आफ बड़ौदा की मोबाइल कैश वैन को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया। लाॅक डाउन के कारण चलायी जा रही मोबाइल कैश वैन डोर-टू-डोर जाकर गाॅव के किसानों व महिलाओं को कैश उपलब्ध कराएगी। जिस लोगों को पैसे के लिये बैंक नहीं जाना पड़ेगा।
जिलाधिकारी ने बताया कि किसी भी बैंक के खाता धारक को अधिकतम 10,000 रूपये तक की धनराशि इस मोबाइल कैश वैन के द्वारा निकालने की सुविधा है। मोबाइल कैश वैन में खाता धारक एटीएम के अलावा आधार कार्ड के साथ अंगूठा लगाकर पैसा निकालने की भी व्यवस्था है। मोबाइल कैश वैन ने गुरुवार को बहादुरपुर, अमहट, दूबेपुर, ताजपुर, अफलेपुर, दादूपुर आदि गांवों में जाकर जरूरत मंदों को कैश मुहैया कराया। अब यह कैश वैन सभी तहसीलों, कस्बों, गाॅवों आदि स्थानों पर जाकर जरूरत मंद व्यक्तियों को कैश मुहैया कराएगी।
जिलाधिकारी ने बताया कि कोरोना महामारी के संक्रमण के बचाव व रोकथाम के लिये इस वैन को चलाया गया है। यह मोबाइल कैश वैन ग्रामीण क्षेत्रों के जरूरतमंद व्यक्तियों को घर-घर जाकर पैसा निकाल कर देगी। डीएम ने लोगों से अपने घर से बाहर न निकलने, बैंक में अनावश्यक भीड़ न लगाने, लाॅकडाउन का पालन करने और सोशल डिस्टेसिंग बनाये रखने की अपील की। इस अवसर पर बैंक आफ बड़ौदा के डीजीएम सुबोध जैन, एलडीएम आरपी अरोड़ा, एएलडीएम अनिल कुमार आदि रहे।

Leave a Reply