गौतमबुद्धनगर। सोमवार की सुबह ग्रेटर नोएडा के रोही गांव में जमीन अधिग्रहण के विरोध में धरने पर बैठे किसानों और पुलिस के बीच हिंसक झड़प हो गई। इस संघर्ष में कई किसान और पुलिसकर्मियों के घायल होने की सूचना है। धरने पर बैठे ग्रामीणों को पुलिस उठाने गई थी, इसी दौरान ग्रामीणों ने पुलिस पर पथराव कर दिया। पथराव में कई पुलिसकर्मियों के साथ-साथ एसडीएम गुंजा सिंह भी घायल हो गई हैं।
उल्लेखनीय है कि जेवर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा निर्माण के लिए रोही गांव की जमीन भी अधिग्रहित हुई है। बढ़े मुआवजे की मांग को लेकर किसान लंबे समय से धरना दे रहे हैं। सोमवार की सुबह जिला प्रशासन के अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ अधिगृहीत जमीन पर कब्जा लेने के लिए पहुंचे थे। इस दौरान पुलिस ने जैसे ही धरने पर बैठे किसानों को उठाने का प्रयास किया, वहां मौजूद सैकड़ों किसान भड़क उठे। उन्होंने पथराव शुरू कर दिया। साथ ही किसानों ने जमकर नारेबाजी भी की। बताया जा रहा है कि उग्र किसानों ने तोड़फोड़ के दौरान आधा दर्जन गाड़ियों को भी जमकर नुकसान पहुंचाया है। इसके अलावा एक बस भी क्षतिग्रस्त हुई है। इसी बस से पुलिस के जवान कब्जा हटवाने गए थे। ज्ञात हो कि पिछले दिनों प्रदेश सरकार ने जेवर एयरपोर्ट के लिए स्पेशल परपज व्हीकल के रूप में युमना इंटरनेशनल एयरयपोर्ट प्राइवेट लिमिटेड का गठन किया है। एशिया के दूसरे सबसे बड़े इंटरनेशनल जेवर एयरपोर्ट को विकसित करने के लिए तेजी के साथ काम शुरू हुआ है।


Leave a Reply