नहीं रहे कांग्रेस के दिग्गज नेता मोतीलाल वोरा, सियासी हस्तियों ने जताया शोक

राष्ट्रीय जनमोर्चा ब्यूरो

नई दिल्ली। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मोतीलाल वोरा का सोमवार को निधन हो गया। वह 93 साल के थे। खराब सेहत के चलते कुछ दिन पहले उन्हें दिल्ली के एस्कॉर्ट अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां आज उन्होंने आखिरी सांस ली। मोतीलाल वोरा के निधन पर दिग्‍गज सियासी हस्तियों ने शोक प्रकट किया है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने वोरा के निधन पर शोक प्रकट करते हुए कहा कि वोराजी एक सच्चे कांग्रेसी और अद्भुत इंसान थे। उनके निधन से भारी क्षति हुई है। वह हमें बहुत याद आएंगे। उनके परिवार और दोस्तों के प्रति मेरी संवेदना है।

वरिष्ठ नेता मोतीलाल वोरा ने अभी कल ही रविवार को अपना 93वां जन्मदिन मनाया था। बीते दिनों उन्हें और उनकी पत्नी शांति देवी कोरोना वायरस से संक्रमित हो गए थे। जिसके बाद उन्हें अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में भर्ती कराया गया था। सेहत में सुधार के बाद एम्स से वह घर आ गये थे लेकिन तीन दिन पहले खराब स्वास्थ्य के चलते उन्हें दिल्ली के एस्कॉर्ट अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां आज उन्होंने आखिरी सांस ली।

वरिष्ठ नेता मोतीलाल वोरा की कांग्रेस की राजनीति में अहम भूमिका थी। वे लंबे समय तक कांग्रेस के कोषाध्यक्ष रहे। इसके अलावा मध्य प्रदेश के दो बार मुख्यमंत्री और उत्तर प्रदेश के राज्यपाल भी रह चुके हैं। करीब दो दशक तक कांग्रेस कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी संभालने के बाद वर्ष 2018 में बढ़ती उम्र का हवाला देकर राहुल गांधी ने उन्हें इस जिम्मेदारी से मुक्त किया था।

मोतीलाल वोरा के निधन से कांग्रेस में शोक की लहर छा गई है। भाजपा नेता ज्‍योतिरादित्‍य सिंधिया ने कहा है कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व राज्यसभा सांसद मोतीलाल वोराजी के निधन पर मेरी गहरी संवेदनाए। ईश्वर से प्रार्थना है कि वह दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें और शोक संतप्‍त परिजनों को यह आघात सहने की शक्ति दें।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*