मंदी स्थायी नहीं, जल्द स्थिति बेहतर होगी: सिद्धार्थ नाथ

राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
गौतमबुद्धनगर। नोएडा सेक्टर-62 स्थित एक्सपो सेंंटर में एमएसएमई के उद्यम समागम और ओडीओपी (रेडीमेड गारमेंट्स) प्रदर्शनी का शुक्रवार को समापन था। इस समारोह के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह ने इस मौके पर कहा कि देश में दिखने वाला आर्थिक मंदी का दौर स्थायी नहीं है। विश्व में आर्थिक मंदी का दौर चल रहा है। इसका असर देश में भी है। जरूरत है इस समय एकसाथ खड़े होने की और उसके हिसाब से चलने की। हम एकसाथ होकर समस्या का हल निकालेंगे, लड़ाई जीती जा सकती है। यह मंदी स्थायी नहीं है, बल्कि जल्द ही स्थिति बेहतर होगी। सरकार उद्यमियों के साथ पूरी तरह से खड़ी है।
सिद्धार्थ नाथ सिंह ने कहा कि नोएडा का मुख्य मुद्दा आपकी मार्केट का है। हम पता करे कि मार्केट क्या है? उसे वैश्विक बाजार के हिसाब से देखें, डिजाइन कैसा हो डिजाइन के साथ बुनकर, डिजाइनर को क्या हम ट्रेनिंग दे सकते हैं? एसोसिएशन को एकजुट करें, अपनी क्षमता को पहचानें, उसे शेयर करें। एक पोर्टल बनाकर उसकी मार्केटिंग करें। अंतरराष्ट्रीय बाजार में अपनी धमक बनाई जाए। यह कैसे होगा? इसके लिए चाहिए अंतरराष्ट्रीय पेशेवर की तरह उत्पाद का प्रस्तुतिकरण। इसके लिए सरकार कॉमन फैसलिटीज सेंटर बना रही है। यहां सभी सुविधाएं मिलेंगी। उद्यम से जुड़े लोगों को डिजाइन पैकेजिंग को और बेहतर करने की ट्रेनिंग दी जाएगी।
उल्लेखनीय है कि इंवेस्टर्स समिट के तहत अब तक 1.15 लाख करोड़ रुपये की ग्राउंड ब्रेकिंग हो चुकी है। दिसंबर तक करीब दो लाख करोड़ रुपये के निवेश की ग्राउंड ब्रेकिंग होने की संभावना है। इंडस्ट्री चलने लगेंगी तो करीब 18 लाख नौकरियां पैदा होंगी। सरकार ने एक साल में ओडीओपी स्कीम के तहत 3800 करोड़ रुपये का अनुदान दिया है।
कैबिनेट मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह ने कहा है कि यूपी सरकार कॉमन फैसलिटीज सेंटर के लिए लखनऊ में उत्तर प्रदेश फैशन डिजाइन इंस्टीट्यूट बनाएगी। इसका प्रपोजल 2004 में तैयार कर लिया गया था। अब इसे साकार करने का समय आ गया है। यह ऐसा इंस्टीट्यूट होगा, जिसमें डिजाइन से लेकर पैकेजिंग को किस तरह से बेहतर किया जाए उसके लिए ट्रेनिंग दी जाएगी। बिना किसी निजी स्वामित्व के यह सरकारी संस्था होगी। सरकार का कार्य सिर्फ रिबन काटना नहीं है। सरकार की नीतियों से लोगों को मदद मिलनी चाहिए और सरकार इसके लिए प्रतिबद्ध है।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*