महिला डॉक्टर व नर्स से अभद्रता करने वाले तबलीगी जमातियों पर लगेगा रसुका: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गाजियाबाद में तबलीगी जमात के लोगों की महिला स्वास्थ्य कर्मियों के साथ अभद्रता और अश्लील हरकतों को बेहद गंभीरता से लिया है। उन्होंने कहा है कि यह तो तय है कि ये सभी लोग न कानून को मानेंगे, न व्यवस्था को। इनके साथ सख्ती से पेश आने और इन्हें कानून का पालन करना सिखाने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि हम उत्तर प्रदेश को इंदौर नहीं बनने देंगे। स्वास्थ्य कर्मियों के साथ अभद्रता करने और उन पर हमला करने वाले लोगों के साथ उन्होंने कड़ाई से पेश आने का निर्देश दिया और कहा कि इनके खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाए । उन्होंने ऐसे सभी लोगों पर रासुका लगाने का निर्देश दिया है।
उल्लेखनीय है कि गाजियाबाद के अस्पताल में क्वारंटाइन के लिए भर्ती तबलीगी जमात के लोगों ने नर्स तथा महिला डॉक्टर्स से जो अश्लील हरकत की थी, उसको लेकर उत्तर प्रदेश सरकार ने काफी सख्त कदम उठाया है। सरकार का निर्देश है कि जमात के लोगों का इलाज कोई भी महिला डॉक्टर और नर्स नहीं करेंगी। इन अभद्रता करने वालों के खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (रासुका) के तहत कार्रवाई होगी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि किसी की भी अभद्रता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कोरोना वायरस के संक्रमण काल में अपना घर तथा परिवार छोड़कर सेवा में लगीं नर्स तथा महिला डॉक्टर्स के साथ अभद्र तथा अश्लील हरकत करने वाले लोग मानवता के दुश्मन हैं। अश्लीलता करने वालों को नहीं बख्शा जाएगा। इन जाहिलों को हिरासत में लेकर राष्ट्रीय सुरक्षा कानून के तहत मुकदमा चलाया जाएगा। जिन्दगी बचाने में जुटीं महिला डाक्टर, नर्स और स्वास्थ्यकर्मियों के साथ जो भी अभद्रता करेगा, उस पर रासुका लगेगा।
गाजियाबाद के एक अस्पताल में तबलीगी जमात के लोगों को आइसोलेशन वार्ड में रखा गया था। उनकी हरकतें सामान्य नहीं बताई जा रही हैं। जमाती मरीज स्टाफ नर्स के सामने अश्लील गाने सुनते हैं और गंदे-गंदे इशारे करते रहते हैं। इतना ही नहीं डॉक्टरों और नर्सों से वो लोग बीड़ी और सिगरेट की मांग भी कर रहे हैं। गाजियाबाद में जिला सरकारी अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (सीएमएस) ने घंटाघर कोतवाली में इस बारे में सूचना दी है।
एमएमजी अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक ने पत्र लिखकर शिकायत की कि आइसोलेशन वार्ड में रखे गए कोरोना वायरस के संभावित मरीज जो तबलीगी जमात से ताल्लुक रखते हैं वो वार्ड में बिना कपड़ों के घूमते रहते हैं। एमएमजी अस्पताल में बनाए गए आइसोलेशन वार्ड में रोके गए जमाती लोगों के अश्लील हरकतें करने, सहयोग ना करने आदि के संबंध में मुकदमा पंजीकृत करने हेतु थानाध्यक्ष को शिकायत दी गई थी। उसी क्रम में थाना कोतवाली गाजियाबाद में अपराध संख्या 288/20 आईपीसी की धारा 354, 294, 509, 269, 270 और 271 के अंतर्गत पंजीकृत किया गया है।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*