कानपुर। बदमाशों के साथ हुई मुठभेड़ में शहीद हुए आठ पुलिसकर्मियों को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने श्रद्धांजलि दी। साथ ही सभी शहीदों के परिजनों को एक-एक करोड़ रुपये देने का ऐलान किया और कहा कि असाधारण पेंशन की भी व्यवस्था की जाएगी। यही नहीं सभी शहीदों के एक-एक परिजन को सरकारी नौकरी भी दी जाएगी। उन्होंने सख्त लहजे में पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिंदा या मुर्दा अपराधी पकड़े जाएं।
चौबेपुर थाना क्षेत्र के बिकरू गांव में देर रात हिस्ट्रीशीटर विकास दुबे को पकड़ने गयी पुलिस टीम पर हिस्ट्रीशीटर और उसके साथियों ने गोली बरसा दी थी। घटना में सीओ बिल्हौर देवेन्द्र मिश्रा, थानाध्यक्ष शिवराजपुर महेश चन्द्र यादव समेत आठ पुलिसकर्मी शहीद हो गये। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को कानपुर पुलिस लाइन पहुंचे और शहीदों के पार्थिव शरीरों को भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इस दौरान उन्होंने एनकाउंटर में शहीद हुए आठ पुलिसकर्मियों के परजिनों के लिए एक-एक करोड़ रुपये देने का ऐलान किया। साथ ही कहा कि पुलिस जवानों की शहादत को व्यर्थ नहीं जाने दिया जाएगा।
पत्रकार वर्ता में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि दिनभर की ड्यूटी के बाद अपराधियों और माफिया के खिलाफ जारी पुलिस के अभियान के तहत ही पुलिस टीम छापा मारने गई थी। जिन लोगों ने घटना को अंजाम दिया है, उन्हें कानून के दायरे में कठोर से कठोर सजा दी जाएगी। किसी भी कीमत पर अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि घटना को अंजाम देने वालों को पकड़ने के लिए टीमें बनाई गईं हैं, जो छापेमारी कर रही है। पुलिस मुठभेड़ में दो अपराधी मारे गए हैं और हमारे जवानों से छीने गए असहलों में कुछ बरामद हो गए हैं।


Leave a Reply