लॉकडाउन-3: शराब दुकानों पर लगी लंबी लाइनें, दिल्‍ली में पुलिस ने भांजी लाठियां

  • सुधांशु श्रीवास्तव
    नई दिल्ली। कोरोना संकटकाल और लॉकडाउन के तीसरे चरण में केंद्र सरकार ने शराब की दुकानें खोलने की छूट दे दी है। इस दौरान देश के कई राज्यों में शराब की दुकानों पर कई किलोमीटर लंबी लाइनें देखने को मिलीं। लोग सुबह से ही शराब की दुकानों के बाहर इकट्ठा होना शुरू हो गए। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने साफ निर्देश दिए हैं कि इस दौरान सोशल डिस्टेंसिंग का पूरा ख्याल रखा जाए, लेकिन अधिकतर स्थानों पर लोगों ने सरकारी आदेश की जमकर धज्जियां उड़ाईं। इस दौरान कई राज्यों में पुलिस को लाठियां भी चलानी पड़ीं।
    दिल्ली में भी सोमवार से शराब की दुकानें खुल तो गई हैं, लेकिन जगह-जगह अफरातफरी का माहौल भी है। लोग शारीरिक दूरी के नियमों का पालन नहीं कर रहे हैं। यहां तक कि लक्ष्मीनगर सहित कई अन्य जगहों पर भी पुलिस ने लाठियां तक भांजी हैं। इस बीच बढ़ती भीड़ के बाद दिल्ली पुलिस ने कई शराब की दुकानों को बंद करा दिया है।
    उल्लेखनीय है कि कोरोना वायरस के संक्रमण पर अंकुश लगाने की खातिर 24 मार्च से लम्बे लॉकडाउन के बाद सोमवार से शर्तों के साथ शराब की दुकानें खोलने का बड़ा असर देखने को मिला। करीब 40 दिन बाद खुलने वाली दुकानों पर लोग बहुत पहले ही पहुंच गए। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के साथ प्रदेश के अन्य शहरों में भी शराब की दुकानें खुलने से पहले ही उनके बाहर लम्बी लाइनें लग गईं। इस दौरान कई जगह पर तो फिजिकल डिस्टेंसिंग की धज्जियां भी उड़ रही हैं। प्रयागराज में लॉकडाउन की वजह से इतने दिनों से बंद शराब की दुकान के खोलने से पहले लोगों ने पूजा कर नारियल चढ़ाया।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*