राष्ट्रीय जनमोर्चा ब्यूरो
नई दिल्ली। सोमवार को मुख्य चुनाव आयुक्त (केंद्रीय चुनाव आयोग) राजीव कुमार ने पांच राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनावों की तारीखों का ऐलान कर दिया। इसी के साथ पांचों राज्यों में आदर्श आचार सहिंता लागू हो गई है। चुनाव अलग-अलग तारीखों में कराए जाएंगे लेकिन सभी पांचों राज्यों में होने वाले चुनाव के नतीजे 3 दिसंबर को आएंगे।
पांच राज्यों की 679 विधानसभा सीटों पर चुनाव की तारीखों का जो ऐलान किया गया है, उसके अनुसार मिजोरम में 7 नवंबर, छत्तीसगढ़ में 7, 17 नवंबर, मध्य प्रदेश में 17 नवंबर, राजस्थान में 23 नवंबर और तेलंगाना में 30 नवंबर को मतदान कराया जाएगा। नतीजे सभी जगह के 3 दिसंबर को आएंगे।
मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने बताया, “मिजोरम, छत्तीसगढ़, राजस्थान, तेलंगाना और मध्य प्रदेश की विधानसभा सीटों को मिलाया जाए तो कुल सीटें 679 होंगीं।” उन्होंने आगे बताया कि इस समय मिजोरम में 8.52 लाख, छत्तीसगढ़ में 2.03 करोड़, मध्य प्रदेश में 5.6 करोड़, राजस्थान में 5.2 करोड़ और तेलंगाना में 3.17 करोड़ मतदाता हैं। इन सभी को मिलाया जाए तो कुल 8.2 करोड़ पुरुष और 7.8 करोड़ महिला मतदाता हैं।
मुख्य चुनाव आयुक्त के मुताबिक तेलंगाना, राजस्थान मध्य प्रदेश और मिजोरम में एक ही चरण में चुनाव होंगे। जबकि नक्सल प्रभावित राज्य छत्तीसगढ़ में दो चरणों में चुनाव संपन्न कराए जाएंगे।


Leave a Reply