मंत्री संदीप सिंह की सगाई में जुटे लाखों मेहमान व हजारों VIP, 700 पुलिसकर्मियों ने संभाली सुरक्षा

जितेन्द्र बच्चन। राष्ट्रीय जनमोर्चा ब्यूरो
अलीगढ़। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा के कद्दावर नेता रहे स्वर्गीय श्री कल्याण सिंह उर्फ बाबूजी के परिवार में आज शाही सगाई की तैयारी है। यूपी के बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह की सगाई व उनके भाई सौरभ सिंह के तिलक समारोह में शामिल होने के लिए शनिवार, 14 नवंबर की सुबह से ही जिधर से देखो, उसी तरफ से मेहमानों की भीड़ आने लगी है। सियासत के दिग्गज और उनके काफिले भी अलीगढ़ पहुंचने लगे हैं।
उल्लेखनीय है कि संदीप सिंह की सगाई उनकी स्कूल की मित्र मेघना चौधरी के साथ हो रही है, जबकि संदीप के छोटे भाई सौरभ सिंह की सगाई अंतरा त्यागी के साथ संपन्न हो रही है। दोनों भाइयों का मुख्य विवाह समारोह 26 नवंबर को नई दिल्ली में प्रस्तावित है।


सगाई समारोह और तिलकोत्सव के लिए तालानगरी अलीगढ़ में रामघाट कल्याण मार्ग पर करीब 100 बीघा जमीन पर एक भव्य राजस्थानी महल की तर्ज पर पंडाल संजाए गए हैं। समारोह में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, ब्रजेश पाठक, अंडमान-निकोबार के उपराज्यपाल दिनेश शर्मा सहित राज्य सरकार के कई मंत्री, सांसद और विधायक शामिल हो रहे हैं।
राष्ट्रीय जनमोर्चा के अलीगढ़ संवाददाता ने बताया है कि इस भव्य आलीशान आयोजन में 80 हजार से एक लाख मेहमानों के जुटने का अनुमान है। जाति-विरादरी, समाज के लोगों को कई दिल पहले ही न्योता भेजा गया था। निमंत्रण के लिए सोशल मीडिया का भी सहयोग लिया गया है। अतरौली विधानसभा क्षेत्र के गांव-गांव में लाउडस्पीकर से मुनादी कराकर करीब 80 हजार से एक लाख लोगों को दावत दी गई है।
अतिथियों के लिए 50 से 60 तरह के व्यंजन तैयार किए गए हैं। दिवंगत कल्याण सिंह की पसंदीदा कद्दू-पूड़ी भी पकवान के तौर पर तैयार कराया गया है। मशहूर गायक कैलाश खेर भी पहुंचने वाले हैं। सुरक्षा की कड़ी व्यवस्था और यातायात के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। वीआईपी मूवमेंट को देखते हुए प्रशासन ने 3 एएसपी, 7 सीओ और करीब 700 पुलिसकर्मियों को सुरक्षा में तैनात किया हैं। आठ जोन में व्यवस्था बांटी गई है। हवाई मार्ग से आने वाले अतिथियों के लिए धनीपुर हवाई पट्टी और पीएसी मैदान समेत तीन जगह हेलिपैड बनाए गए हैं।
आयोजन स्थल के पास 657 कारों की पार्किंग की व्यवस्था की गई है। ड्राइवरों के लिए लगभग 100×80 फीट का अलग टेंट बनाया गया है। इसके अलावा कर्मचारियों, लेबर और अन्य स्टाफ के लिए भी अलग व्यवस्थाएं की गई हैं। मंच के आसपास कंट्रोल एरिया और बैरिकेडिंग के साथ फायर सेफ्टी की व्यवस्था भी की गई है।
सगाई समारोह में शामिल दिल्ली एनसीआर के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान प्रिंस इंस्टीट्यूट ऑफ इन्नोवेटिव टेक्नोलॉजी (PIIT) के चेयरमैन प्रोफेसर (डॉ.) भरत सिंह ने बताया कि मंत्री संदीप सिंह और उनके छोटे भाई सौरभ सिंह की शादी के लिए 26 नवंबर को दिल्ली में भव्य आयोजन किया जाएगा। उसके अगले दिन 27 नवंबर को जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में रिसेप्शन रखा गया है।

admin
About admin 3407 Articles
जितेन्द्र बच्चन भारत में सीनियर जर्नलिस्ट हैं और राष्ट्रीय पुरस्कार 'भारत गौरव' से सम्मानित हैं। पत्रकारिता में 38 वर्षों से अधिक का अनुभव रखते हैं। दैनिक जागरण में चीफ रिपोर्टर, पंजाब केसरी में सहायक संपादक और हिंदुस्थान समाचार में नेशनल ब्यूरो दिल्ली में CBI BEAT पर रहने के बाद अब राष्ट्रीय जनमोर्चा के सम्पादक हैं।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*