प्रार्थना सभा में धमाके से दहला एर्नाकुलम, एक की मौत 25 से अधिक घायल

राष्ट्रीय जनमोर्चा ब्यूरो
नई दिल्ली। केरल के एर्नाकुलम स्थित एक प्रार्थना सभा में जोरदार धमाके हुए हैं। तीन धमाकों से चीख-पुकार मच गई। कलामासेरी पुलिस के अनुसार एक व्यक्ति की मौत हो गई है और 25 से अधिक लोग घायल हैं। सभी घायलों को निकट के अस्पताल में पहुंचाया गया है। मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है।
स्थानीय लोगों के अनुसार कन्वेंशन सेंटर में तीन दिवसीय कार्यक्रम का रविवार को आज आखिरी दिन था। हॉल में दो हजार से अधिक लोग मौजूद थे। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि एक के बाद एक 3-4 ब्लास्ट हुए, जिनमें कई लोग घायल हुए हैं। लेकिन ब्लास्ट के संबंध में केरल पुलिस की ओर से आधिकारिक तौर पर फिलहाल कोई बयान जारी नहीं किया गया है, लेकिन एक अधिकारी के मुताबिक आज सुबह 9 बजे विस्फोट के बाद पुलिस के पास मदद के लिए फोन आने लगा था। तुरंत पुलिस की टीम मौक़े पर पहुंची और स्थानीय लोगों के साथ मिलकर राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने केरल के मुख्यमंत्री पिनारई विजयन से बात की है। ब्लास्ट की जांच राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) करेगी। एनआईए की फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंच चुकी है, वहीं शाह ने केंद्र से हरसंभव मदद का आश्वासन दिया है। दूसरी तरफ केरल के उद्योग मंत्री और कलामासेरी से विधायक पी राजीव ने कहा है कि हमें अभी तक ब्लास्ट के कारणों की जानकारी नहीं मिल सकी है। फिलहाल घटना स्थल पर किसी को भी जाने की अनुमति नहीं है।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*