राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
गाजियाबाद। प्रताप विहार स्तिथ इंदिरापुरम पब्लिक स्कूल में दो दिवसीय आयोजित अंतर्विद्यालयी ‘मॉडल ऑफ यूनाइटेड नेशंस’ (MUN) में एनसीआर के 11 विद्यालयों सहित 150 विद्यार्थियों ने प्रतिभागिता की। कार्यक्रम में प्रतिभागियों ने अलग-अलग देशों के प्रतिनिधियों के रूप में उन देशों से जुड़ी समस्याओं को उठाया और फिर सभी ने मिलकर उन समस्याओं के समाधान के लिए सुझाव दिए।
कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक दीप प्रज्वलन के साथ हुई। मुख्य अतिथि विद्यालय निदेशक पंकज जोशी, प्रधानाचार्य मधुकर प्रिय, उप प्रधानाचार्या श्रीमती कल्पना सीज़ो एवं वरिष्ठ समन्वयिका श्रद्धा सिंह का सम्मान किया गया। मधुकर प्रिय ने जहां किसी भी क्षेत्र में प्रतिभागिता को महत्वपूर्ण बताते हुए प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया, वहीं पंकज जोशी ने संयुक्त राष्ट्र संघ, उससे संबंधित कमेटियों तथा पूरे विश्व के लिए उसके महत्व को स्पष्ट करते हुए विद्यार्थियों को श्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।
प्रतिभागियों को पांच कमेटी में बांटा गया था। AIPPM committee के सदस्यों ने देश की आर्थिक स्थिति के सुधार हेतु सरकार द्वारा उठाए गए कदमों पर चर्चा की तो UNHRC committee के सदस्यों ने लैंगिक भेद-भाव तथा उससे उत्पन्न हिंसा एवं अन्य समस्याओं के समाधान को अपना मुद्दा बनाया। Lok Sabha committee ने भारत के सभी धर्मों एवं समुदायों के लोगों के लिए समान सुविधाओं एवं अवसरों पर चर्चा की और UNDP committee का मुद्दा बढ़ती हुई जनसंख्या से सतत विकास लक्ष्यों की प्राप्ति में उत्पन्न समस्याओं एवं उनका समाधान रहा।
दूसरे दिन कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि श्रीमती वसुधा पांडे एवं अतिथि विद्यालय के उप सचिव अमित सिन्हा के सम्मान तथा मुख्य अतिथि द्वारा उत्साह वर्धक अभिभाषण के साथ हुई। मुख्य अतिथि ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों एवं उच्च प्रशंसनीय प्रतिभागियों को नकद पुरस्कार, ट्रॉफी एवं प्रमाण पत्र प्रदान किए। अंत में सामाजिक विज्ञान विभाग की अध्यक्ष श्रीमती अनामिका सिंह ने सभी को धन्यवाद देकर कार्यक्रम का समापन किया।


Leave a Reply