नेताजी जयंती पर मेवाड़ के विद्यार्थियों ने वातावरण देशभक्तिमय बनाया

राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
गाजियाबाद। वसुंधरा स्थित मेवाड़ ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस में आयोजित नेताजी सुभाष चंद्र बोस जयंती समारोह में विद्यार्थियों ने मनमोहक कार्यक्रम प्रस्तुत कर पूरे वातावरण को देशभक्तिमय बना दिया। मंगलवार को आयोजित कार्यक्रम में क्या भाषण, क्या गीत और क्या कविताएं, सब एक से बढ़कर एक थीं। इस अवसर पर इंस्टीट्यूशंस के चेयरमैन डॉ. अशोक कुमार गदिया ने कहा कि नेताजी सुभाष कभी मर नहीं सकते, वह अमर हैं, अमर रहेंगे।
उन्होंने कहा कि देश के नेता सिर्फ एक ही रहेंगे और वह हैं नेताजी सुभाष चंद्र बोस। उन्होंने दावा किया कि अगर नेताजी होते तो हमें पूरा अखंड भारत मिलता। बर्मा, भूटान और पाकिस्तान नहीं बनता। अगर नेताजी का रंगून रेडियो पर दिया गया भाषण सुन लिया जाए तो पता चलता है कि नेताजी अखंड भारत पाने के लिए कितना संघर्षरत थे। उन्होंने शिक्षकों से अपील की कि वे साल में एक देशभक्त जरूर तैयार करें। देशभक्ति व संवेदनशीलता के भाव उसमें भरें।
मेवाड़ ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस की निदेशक डॉ. अलका अग्रवाल ने अपने विचारों में नेताजी सुभाष चंद्र बोस के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डाला। इससे पूर्व डॉ. अशोक कुमार गदिया एवं डॉ. अलका अग्रवाल ने मां शारदा, भारत माता व नेताजी सुभाष चंद्र बोस के चित्र पर माल्यार्पण किया और पुष्प अर्पित किये। विद्यार्थियों ने सुंदर सांस्कृतिक प्रस्तुति दी।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*