राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
28.86 करोड़ की धनराशि स्वीकृत, पहली किस्त के तौर पर 10.10 करोड़ रुपये की धनराशि जारी
सुल्तानपुर/लखनऊ। उत्तर प्रदेश के समेकित विकास का खाका खींच रही योगी आदित्यनाथ सरकार अब सुल्तानपुर में गोमती नदी किनारे स्थित देवारघाट के कायाकल्प की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस क्रम में देवारघाट पर सेतु तथा उस तक पहुंचने के मार्ग व सुरक्षात्मक कार्यों के निर्माण की पूर्ति के लिए मार्ग प्रशस्त हो गया है। इन निर्माण कार्यों को पूर्ण करने के लिए योगी सरकार द्वारा 28.86 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की है जिसकी प्रथम किस्त के तौर पर 10.10 करोड़ रुपये की धनराशि प्रशासकीय व वित्तीय स्वीकृति जारी कर दी गई है।
उल्लेखनीय है कि सुल्तानपुर को प्रभु श्रीराम के पुत्र महाराज कुश की स्थली के तौर पर जाना जाता है। यहां माता सीता की विश्राम स्थली के तौर पर विख्यात सीताकुंड घाट का पहले ही योगी सरकार सौंदर्यीकरण करा चुकी है और अब अगले पड़ाव के तौर देवारघाट के सौंदर्यीकरण, सेतु निर्माण समेत कनेक्टिंग रोड के निर्माण का मार्ग प्रशस्त हो गया है।
सभी प्रक्रियाओं को पूर्ण करने के लिए लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता (विकास) व विभागाध्यक्ष को सौंपा गया है। इन निर्माण कार्यों के पूरा होने से घाट सौंदर्यीकरण के साथ ही अकबरपुर-कादीपुर-चांदा-पट्टी-देल्हूपर मार्ग (राज्य मार्ग संख्या 128) की कनेक्टिविटी में सुधार होगा, जिससे इस मार्ग से गुजरने वाले लोगों के समक्ष आने वाली यातायात संबंधी समस्याओं के निराकरण का मार्ग सुनिश्चित होगा। इसके अलावा, इस परियोजना से जुड़ी कार्य की विशिष्टियां, मानक व गुणवत्ता नियंत्रण व आवलोकन की जिम्मेदारी लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता को सौंपी गई है। वह इस बात को सुनिश्चित करेंगे की सारी प्रक्रिया को त्रुटिहीन तरीके से निर्धारित समय में पूर्ण कर लिया जाए।


Leave a Reply