CM योगी आदित्यनाथ दिव्यांगजनों की बढ़ाएंगे पेंशन

राष्ट्रीय जनमोर्चा ब्यूरो
गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि दिव्यांगजन में असीमित अंतर्निहित प्रतिभा होती है। जरूरत उस प्रतिभा को तराशकर मंच देने की है। दिव्यांगजन सरकार और समाज के प्रोत्साहन के हकदार हैं और इसी प्रोत्साहन की अपेक्षा भी करते हैं। इसी भावना के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में डबल इंजन की सरकार दिव्यांगजन का संबल बनकर उन्हें सम्मान और स्वावलंबन के मार्ग पर अग्रसर कर रही है। उन्होंने दिव्यांगजनों की पेंशन भी बढ़ाने की बात कही है।
सीएम योगी शनिवार की शाम योगिराज बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह में दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग की तरफ से आयोजित राज्य स्तरीय तीन दिवसीय दिव्य कला एवं कौशल प्रदर्शनी के उद्घाटन समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि वर्तमान में यूपी में 10.40 लाख दिव्यांगजन को प्रतिमाह एक हजार रुपये की पेंशन दी जा रही है। पहले यह धनराशि 300 रुपये थी जिसे बढ़ाकर एक हजार किया गया। आने वाले समय में इसे और बढ़ाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि कोई भी दिव्यांगजन राशन कार्ड, आवास, पेंशन और शिक्षा से वंचित न रहे, इसके लिए अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ स्कूल जाने वाले सभी दिव्यांगजन को मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल उपलब्ध कराई गई है। सीमए ने बताया कि 15.53 लाख दिव्यांगजन आयुष्मान योजना में कवर किए गए हैं। सरकार कॉक्लियर इम्प्लांट के लिए छह लाख रुपये दे रही है। दिव्यांगजन के लिए प्रदेश में 21 विशेष विद्यालय, 18 बचपन डे केयर सेंटर, तीन मानसिक मंदित आश्रय गृह भी संचालित हैं।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*