राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
गाजियाबाद। शनिवार को गाजियाबाद की सिविल सोसाइटी ने अपनी चार मांगों पर प्रत्याशियों को अपना रुख साफ करने का प्रस्ताव रखा है। सोसाइटी का यह निर्णय लोकसभा प्रत्याशियों के लिए किसी अग्नि परीक्षा से कम नहीं है। कॉंफडरेशन ऑफ आरडब्लूए, उत्तर प्रदेश (कोरवा-यूपी), आरडब्लूए फेडरेशन गाजियाबाद, फ्लैट ओनर फेडरेशन गाजियाबाद और लाइनपार आरडब्लूए फेडरेशन के शीर्ष पदाधिकारियों ने कर्नल तेजेन्द्र पाल त्यागी के नेतृत्व में एकमत होकर उपरोक्त निर्णय किया है।
पदाधिकारियों ने शहर की समस्याओं से अवगत कराते हुए कहा कि लोकसभा चुनाव में खड़े हुए प्रत्याशियों को कूड़ा निस्तारण की नीति पर अपने विचार रखने होंगे, जिसमें डम्पिंग ग्राउंड की जगह सेनेट्री लैंड फिलस बनाई जाए। सभी गेटिड सोसाइटीज में गंगा वाटर सप्लाई की जाए और सभी बोरिंग की मीटरिंग की जाए। फ्लेट ओनर फेडरेशन को अपार्टमेंट बाईलॉज़ की धारा 48 के अंतर्गत गेटिड सोसाइटीज के चुनाव और ऑडिट का दायित्व दिया जाए। रोड रिपेयर, सीवर ब्लोकेज निस्तारण, स्ट्रीट लाइट्स रखरखाव आदि के लिए वार्षिक स्तर पर ठेका छोड़ा जाए, जिसके लिए क्विक रिएक्शन टीम गठित की जाए।
कर्नल तेजेन्द्र पाल त्यागी ने कहा कि गाजियाबाद की सिविल सोसाइटी तत्काल प्रभाव से “वाच डाग ऑफ डेमोक्रेसी” का रोल निभाएगी, क्योंकि प्रत्येक आरडब्लूए लोकतंत्र की एक प्रारम्भिक पाठशाला है। गाजियाबाद की सिविल सोसाइटी लोकसभा प्रत्याशियों को उपरोक्त चार बिन्दुओं पर अपना दृष्टिकोण स्पष्ट करने का आहवान करती है।
विभिन्न सोसायटियों के पदाधिकारियों के अनुसार प्रशासनिक अधिकारी केवल कुछ समय के लिए यहां तैनात होते हैं, जिससे वह जमीनी हकीकत से अनभिज्ञ रहते हैं। जबकि जनप्रतिनिधियों का दृष्टिकोण राजनैतिक होता है और आरडब्लूए अराजनैतिक है। कोरवा-यूपी के अध्यक्ष पवन कौशिक ने कहा कि समस्याओं का समय पर निदान न होना भी मतदान प्रतिशत में गिरावट का बड़ा कारण है। उन्होंने कहा कि आम नागरिक जब मतदान करके अपनी जिम्मेदारी निभाने को तैयार है तो अब समय है कि जवाबदेही प्रशासनिक अधिकारियों के साथ-साथ जन प्रतिनिधियों की भी तय होनी चाहिए।
आज के कार्यक्रम में मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए लोगों को जागरूक भी किया गया। इस मौके पर नीलम त्यागी, अंशु त्यागी, नमिता भल्ला, पूनम गांधी, मोनिका गोयल, मंजू घाई, जीएस सिद्धू, एड. ललित बंसल, अमित कुमार, सुधीर कुमार, चंदन कुमार सिंह, गौरव सेनानी ज्ञान सिंह, रजनीश त्यागी, नेम पाल सिंह, कवि आरपी शर्मा, एमएल वर्मा, कैलाश चन्द्र शर्मा, निखिल सिसौदिया, भारती शर्मा आदि उपस्थित रहे।


Leave a Reply