जौनपुर में पत्रकार आशुतोष श्रीवास्तव की गोली मारकर हत्या

राष्ट्रीय जनमोर्चा ब्यूरो
जौनपुर। पत्रकारों के लिए सोमवार की सुबह एक और मनहूस खबर आई। उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले के भाजपा नेता व पत्रकार आशुतोष श्रीवास्तव की बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। घटना का पता चलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
थाना कोतवाली शाहगंज क्षेत्र के सबरहद गांव के निवासी प्रत्रकार आशुतोष श्रीवास्तव (45) सुदर्शन न्यूज से जुड़े हुए थे। साथ ही भाजपा के कार्यर्ता भी थे। आज सोमवार की सुबह करीब नौ बजे वह बुलेट मोटरसाइकिल से इमरानगंज बाजार आए थे। चौराहे पर पहुंचते ही बाइक सवार अज्ञात बदमाशों ने उन्हें रोका और उनके सीने में चार गोलियां उतार दीं। मौके पर मौजूद लोगों में अफरातफरी मच गई। इस बीच बदमाश असलहा लहराते हुए भाग निकले। उसके बाद कुछ लोग आशुतोष को शाहगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की खबर मिलते ही शाहगंज विधायक रमेश सिंह और भाजपा के कई नेता आशुतोष के परिजनों से मिले हैं। पूरे क्षेत्र में इस घटना को लेकर आक्रोश व्याप्त है। लोगों का कहना है कि भूमाफिया और गोतस्करों पर खबर करना आशुतोष के लिए भारी पड़ गया। पुलिस क्षेत्राधिकारी अजीत सिंह चौहान मामले की जांच- पड़ताल में लगे हैं। खबर लिखने तक कई थानों की फोर्स मौके पर मौजूद थी।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*