इंदौर में 50 मेधावी छात्र-छात्राओं को किया पुरस्कृत

राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
इंदौर। चित्रांश कायस्थ समाज और अखिल भारतीय कायस्थ महासभा द्वारा संयुक्त रूप से मेधावी छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पीएस एकेडमी के प्रबंध निदेशक प्रदीप श्रीवास्तव और विशिष्ट अतिथि इंदौर के एसडीएम अजीत श्रीवास्तव रहे। इन्होंने सभी विद्यार्थियों को मोमेंटो, मैडल और सर्टिफिकेट प्रदान कर उन्हें पुरस्कृत एवं सम्मानित किया।
रविवार को आयोजित सम्मान समारोह में 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षा में जिन 50 बच्चों का 70 प्रतिशत से अधिक अंक रहा, उन्हें सम्मानित किया गया है। संस्था के अध्यक्ष विजय सक्सेना एवं सचिव संजय निर्गुण के अनुसार सम्मानित होने वाले बच्चे सागर, भोपाल, देवास, उज्जैन और बेगमगंज के रहने वाले हैं। मुख्य अतिथि प्रदीप श्रीवास्तव ने विद्यार्थियों को जीवन में सफलता के पांच सूत्र बताते हुए कहा कि एकाग्रता, लक्ष्य निर्धारण, सही दिशा में मेहनत, लगन और इलेक्ट्रिक उपकरणों से दूरी बनाए रखने को महत्व दिया जाना चाहिए।
एसडीएम इंदौर अजीत श्रीवास्तव ने बालक-बालिकाओं को प्रशासनिक सेवा में आने के लिए प्रोत्साहित किया। अखिल भारतीय कायस्थ महासभा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष वीना सक्सेना भी इस अवसर पर उपस्थित रहीं। उन्होंने सभी विद्यार्थियों से अपील की कि वह चाहे कोई भी उच्च शिक्षा ग्रहण करें, परंतु नौकरी अपने देश में ही करें। उन्होंने विदेश में जाकर वहां की स्थिति को सुदृढ़ करने के बजाय अपने देश को मजबूत और शक्तिशाली बनाने पर जोर दिया। साथ ही कहा कि यही सच्ची देशसेवा है।
राष्ट्रीय महासचिव रत्नेश श्रीवास्तव ने संस्था में चल रही गतिविधियों की जानकारी दी। कार्यक्रम संयोजक प्रदीप सक्सेना ने सभी बालकों को शिक्षा के साथ माता-पिता की सेवा आदर और एक अच्छे नागरिक बनने पर जोर दिया। इस अवसर पर सत्येंद्र श्रीवास्तव, संध्या श्रीवास्तव, संगीता श्रीवास्तव, उमेश श्रीवास्तव, सुरेश सक्सेना, अरुण अपेक्षित, विवेक भटनागर, संजय श्रीवास्तव, वंदना श्रीवास्तव, प्रदीप भटनागर, सुनीता भटनागर, साधना सक्सेना, सुनीता सक्सेना, प्रतिभा श्रीवास्तव आदि सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ स्वाति सिंह, सुरेश अजनबी और सिपया खरे ने किया।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*