पार्टी का गठन कर श्रीकांत ने किया समाज को कलंकित : डॉ बीपी त्यागी

राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
गाजियाबाद। देश के प्रसिद्ध चिकित्सक व राष्ट्रवादी नवनिर्माण दल के पूर्व राष्ट्रीय महासचिव डॉक्टर बीपी त्यागी ने पार्टी के संस्थापक एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीकान्त त्यागी पर बड़ा आरोप लगाया है। उनका कहना है कि श्रीकांत त्यागी ने समाज का दुरुपयोग किया है। अपने निजी हितों को साधने के लिए उसने पार्टी का गठन कर समाज को कलंकित करने का काम किया है।
सोमवार को डॉक्टर बीपी त्यागी के आह्वान पर भूमिहार और त्यागी समाज राजनगर में एकत्रित हुआ था। श्रीकांत त्यागी के मामले पर यहां एक विचार गोष्ठी की गई, जिसमें त्यागी समाज ने एक स्वर में श्रीकांत त्यागी को आड़े हाथों लिया। बारह से अधिक वक्ताओं ने अपने विचार रखें और उन सभी का एक ही मत सामने आया कि श्रीकांत त्यागी ने समाज का दुरुपयोग किया है और अपने निजी हितों को साधने के लिए उसने राष्ट्रवादी नवनिर्माण दल का गठन कर समाज को कलंकित करने का काम किया है।
डॉ बीपी त्यागी ने भी गोष्ठी में मौजूद पत्रकारों से कहा कि श्रीकांत त्यागी ने समाज का दुरुपयोग किया और अपने निजी स्वार्थ के लिए पार्टी बनाकर त्यागी समाज को इस्तेमाल करने का काम करने के प्रयास किया। उन्होंने कहा कि जबकि उस समय त्यागी समाज अपनी बेटी अनु त्यागी को न्याय दिलाना चाहता था, जिसका निश्चित रूप से उत्पीड़न किया गया था। मैंने वीवीआईपी क्लब के आंदोलन में 5 लाख रुपये सबसे पहले दिए थे।
समाज की भलाई का काम करता रहूंगा :
डॉ बीपी त्यागी के अनुसार, करीब छह महीने बाद सत्येंद्र त्यागी और नीरज त्यागी ने मुझे श्रीकांत त्यागी से मिलवाया। एक दो बार नहीं बल्कि मेरे अस्पताल में पांच बार उनसे मिलवाया। उन्होंने बहुत मिन्नतें की, उसके बाद मैंने कहा कि मैं पार्टी में चिकित्सा प्रकोष्ठ का काम देख सकता हूं और अपने समाज के साथ अपने शहर की भलाई के लिए काम करता रहूंगा।
अनुशासनहीनता चरम पर पहुंची :
डॉ त्यागी ने कहा कि उन्होंने श्रीकांत त्यागी जैसा झूठा व्यक्ति नहीं देखा, जो लगातार यह कहता रहा कि मेरी खून की एक-एक बूंद आपकी है। जबकि मेरा पैसा हड़प कर अब वह फोन भी नहीं उठाता। मैं पार्टी में बेटी अनु त्यागी के मान-सम्मान की लड़ाई के लिए शामिल हुआ था, लेकिन आज धीरे-धीरे पार्टी में झूठ और अनुशासनहीनता अपने चरम पर पहुंच चुकी है। उन्होंने बताया कि श्रीकांत त्यागी और नीरज त्यागी ने पार्टी के झंडे बनवाने के लिए मुझसे तीन लाख रुपये लिए, जो वापस नहीं किए।
और खामियाज़ा त्यागी समाज को भुगतना पड़ रहा :
डॉ बीपी त्यागी ने ‘राष्ट्रीय जनमोर्चा’ को बताया कि लोकसभा चुनाव से पहले कोर कमेटी की मीटिंग में चार जिलों में श्रीकांत त्यागी ने कांग्रेस से टिकट मिलने की बात कही थी। लेकिन कांग्रेस पार्टी ने श्रीकांत को घास नहीं डाली। नतीजतन राजनीतिक पार्टी की शुरुआत करते ही श्रीकांत मुँह के बल गिर पड़े। और भी कई ऐसे काम हैं, जो श्रीकांत त्यागी ने अनैतिक तरीके से किए हैं, जिसका खामियाज़ा त्यागी बिरादरी को भुगतना पड़ रहा है।
बैठक में ये भी रहे शामिल :
सोमवार की बैठक में अश्वनी त्यागी, एचपी त्यागी, इस्लामुद्दीन, संगीता त्यागी एडवोकेट, सुनील त्यागी, कर्नल अमरदीप त्यागी, सुभाष त्यागी, संजीव त्यागी, कांत त्यागी, बृजपाल त्यागी, बृजमोहन त्यागी, उपेंद्र गोयल, सुभाष त्यागी, रविंद्र कांत त्यागी, नीरज त्यागी, अजय त्यागी आदि सैकड़ों लोग मौजूद रहे।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*