अंडर-14 गर्ल्स 10 मीटर एयर पिस्टल श्रेणी में प्रेहा को मिला चौथा स्थान

राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
गौतमबुद्ध नगर। उभरते हुए निशानेबाजों में एक नया और आशाजनक नाम उभरकर सामने आया है और वह नाम है– प्रेहा त्यागी। श्रीराम मिलेनियम स्कूल नोएडा की छात्रा प्रेहा ने कोच और मेंटर पारुल मलिक (वेस्ट ईगल शूटिंग अकादमी) के मार्गदर्शन में राज्य और इंटर-स्कूल प्रतियोगिताओं में अपनी काबिलियत साबित की है। हाल ही में उन्होंने अपनी स्कूल का प्रतिनिधित्व CISCE यूपी और यूके रीजनल शूटिंग टूर्नामेंट 2024 में किया और अंडर-14 गर्ल्स 10 मीटर एयर पिस्टल श्रेणी में चौथा स्थान हासिल किया है।
12 वर्षीया छात्रा प्रेहा लगातार बेहतर नतीजे दे रही हैं। इसके लिए वह कहती हैं, “मैं नेशनल्स को क्रैक करने और इस साल इंडिया टीम के ट्रायल्स के लिए तैयारी कर रही हूं।” वाकई प्रेहा त्यागी अपने कोच के मार्गदर्शन में शारीरिक और मानसिक प्रशिक्षण दोनों पर कड़ी मेहनत कर रही हैं। बताती हैं, “यह एक आत्म-प्रेरित खेल है, जिसमें सही मार्गदर्शन की जरूरत होती है। निशानेबाजों को एक स्थिर स्कोर पर फंसे रहने पर अतिरिक्त अंक प्राप्त करने के लिए मजबूत मानसिक प्रशिक्षण के साथ-साथ शारीरिक प्रशिक्षण की भी आवश्यकता होती है।”
श्रीमती उत्तरा सिंह, निदेशक श्रीराम मिलेनियम स्कूल और श्रीमती रमनजीत सिंह नेगी, प्रधानाचार्या श्रीराम मिलेनियम स्कूल, नोएडा ने प्रेहा को उनके आगामी प्रयासों के लिए शुभकामनाएं दी हैं। ‘राष्ट्रीय जनमोर्चा’ भी उनके आगामी कार्यक्रमों में उनकी जीत के लिए उन्हें शुभकामनाएं देता है।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*