राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
गौतमबुद्ध नगर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा लोगों से विश्व पर्यावरण दिवस पर एक पेड़ मां के नाम लगाने का आह्वान किया था। उसी अभियान के तहत शनिवार को आईटीआई हबीबपुर के छात्र एवं सभी स्टाफ ने मिलकर आईटीआई वाली गली में 100 पौधे लगाए। इसके अलावा छात्रों और स्टाफ ने अपने घर के आसपास भी पौधरोपण किया है।
आईटीआई के प्रबंधक मनोज झा ‘राष्ट्रीय जनमोर्चा’ को बताया कि सरकार द्वारा आईटीआई हबीबपुर को 150 पौधे लगाने का निर्देश प्राप्त हुआ है। शनिवार को यह लक्ष्य पूरा कर लिया गया। उन्होंने इस अवसर पर छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि आज ग्लोबल वार्मिंग का संकट पूरे विश्व पर छाया है, जिसे नियंत्रित करने की जिम्मेदारी हम सभी की है। इस वर्ष जिस तरह से गर्मी का पारा बढ़ा है, उससे पता चलता है कि अगर हम आज पर्यावरण को संरक्षित नहीं कर पाए तो अगले 5 साल में 60 डिग्री तापमान भी पार कर सकता है।
उन्होंने कहा कि पर्यावरण को नियंत्रित करने के लिए एकमात्र उपाय है पौधे लगाओ, वृक्ष बचाओ और जीवन बचाओ। उनके इस आह्वान पर आईटीआई हबीबपुर के सभी छात्र, स्टाफ और उनके परिवार के सदस्यों ने यह शपथ ली कि हम एक पेड़ मां के नाम अवश्य लगाएंगे और पर्यावरण बचाएंगे। इस मौके पर मोहनलाल, नरेश, गौरव, दीपक, शोभित मंडल आदि का योगदान रहा।


Leave a Reply