“हजारों आशिकों का रहनुमा हूं…”

राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
नोएडा। साहित्यिक संस्था राष्ट्रीय तूलिका मंच ने ग्रेटर नोएडा गौर सिटी के प्रिस्टीन एवेन्यू में कवि गोष्ठी का आयोजन किया। अध्यक्षता कवयित्री डॉ. रमा सिंह ने की। सुविख्यात कवयित्री डॉ. मधु चतुर्वेदी ने मुख्य अतिथि के रूप में सहभाग किया। कवि डॉ. राकेश सक्सेना ने सरस्वती वंदना से कवि गोष्ठी की शुरुआत की। शायर डॉ. सुधीर त्यागी ने अपनी ग़ज़ल में सुनाया-‘हजारों आशिकों का रहनुमां हूँ। मैं गुजरे इश्क का इक मरहला हूँ।’
वरिष्ठ कवि डॉ. चेतन आनंद ने अनेक माहिया सुनाने के साथ ही ग़ज़ल में कहा- ‘बड़े अपशब्द सुनकर भी ऋचाओं की नदी चुप है। सभी अपमान सहकर आस्थाओं की नदी चुप है।’ डॉ. अंजू गुप्ता, डॉ. सुनीता सक्सेना एवं अमिता श्रीवास्तव ने नारी सशक्तिकरण पर केन्द्रित रचनाओं से श्रोताओं को मुग्ध किया। सुप्रसिद्ध कवयित्री शोभा सचान, दिनेश चन्द्र श्रीवास्तव, प्रदीप माथुर ने पावस की रचनाओं के साथ युगीन परिवेश की अभिव्यक्ति से वाहवाही अर्जित की।
विशिष्ट अतिथि मशहूर शायर मासूम गाजियाबादी ने सुनाया-‘कफन हाथ के हाथ में रह गए हैं, हकीकत की मैय्यत उठा दी गई है।’ लोकप्रिय शायर गोविन्द गुलशन ने पढ़ा-‘जब डूबकर न उबरे उम्मीद के सितारे। तस्वीर हो गए हम तस्वीर के सहारे।’ डॉ. मधु चतुर्वेदी ने ‘तेरी आँखों की दूधिया शबनम, चाँदनी में बदल रही है कहीं’ सुनाया।
अध्यक्षीय उद्बोधन के साथ कवयित्री डॉ. रमासिंह ने ‘झील के उस पार से आवाज देता है कोई। जाने किस अधिकार से आवाज देता है कोई…’ समेत अनेक रचनाएं सुनाकर श्रोताओं को भावविभोर कर दिया। इस आयोजन को सफल बनाने में सोसाइटी अध्यक्ष डॉ. सुरेश कुमार सिंह, सचिव प्रदीप माथुर एडवोकेट, ईश्वर सिंह, आरके श्रीवास्तव, राजीव शर्मा, इति माथुर, गुंजन सक्सेना, सीमा सिन्हा आदि की महत्वपूर्ण भूमिका रही। गोष्ठी का संचालन डॉ. सुनीता सक्सेना ने किया।

admin
About admin 3409 Articles
जितेन्द्र बच्चन भारत में सीनियर जर्नलिस्ट हैं और राष्ट्रीय पुरस्कार 'भारत गौरव' से सम्मानित हैं। पत्रकारिता में 38 वर्षों से अधिक का अनुभव रखते हैं। दैनिक जागरण में चीफ रिपोर्टर, पंजाब केसरी में सहायक संपादक और हिंदुस्थान समाचार में नेशनल ब्यूरो दिल्ली में CBI BEAT पर रहने के बाद अब राष्ट्रीय जनमोर्चा के सम्पादक हैं।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*