राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
जेवर।होंडा इंडिया फाउंडेशन के सीएसआर इनिशिएटिव के अंतर्गत पब्लिक इंटर कॉलेज में भवन निर्माण एवं बायो-डायवर्सिटी पार्क के विकास कार्य का गुरुवार को भूमि पूजन एवं शिलान्यास का कार्य वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ संपन्न हुआ। स्थानीय विधायक धीरेंद्र सिंह इस अवसर पर उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि सन् 1982 का वह समय, आज भी मेरी यादों में जीवंत है, जब मैं रबूपुरा के पब्लिक इंटर कॉलेज में इंटरमीडिएट की शिक्षा ग्रहण कर रहा था। उसी दौरान मेरे मन में एक संकल्प ने जन्म लिया था कि ‘यह विद्यालय एक दिन विशाल और उत्कृष्ट शैक्षिक संस्थान के रूप में विकसित होगा। आज अत्यंत हर्ष और गर्व के साथ कह सकता हूं कि वह सपना साकार होने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पड़ाव पर पहुँच चुका है।
विधायक धीरेंद्र सिंह ने बतया कि इस विद्यालय में आधुनिक और उन्नत शैक्षणिक सुविधाएँ विकसित की जाएंगी, जिससे विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षण वातावरण प्राप्त होगा। वहीं बायो-डायवर्सिटी पार्क न केवल पर्यावरणीय संतुलन को सुदृढ़ करेगा, बल्कि विद्यार्थियों में प्रकृति के प्रति जागरूकता और संवेदनशीलता भी विकसित करेगा।
विधायक के अनुसार, जेवर क्षेत्र आज तीव्र गति से विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। जेवर में नोएडा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट प्रारंभ हो चुका है, जो न केवल उत्तर प्रदेश बल्कि पूरे देश के लिए आर्थिक और औद्योगिक प्रगति का नया द्वार खोल रहा है। इसके साथ ही इस विद्यालय के पास विश्वस्तरीय फिल्म सिटी भी प्रस्तावित है, जो इस क्षेत्र को वैश्विक पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। ऐसे विकसित हो रहे परिवेश में यह विद्यालय क्षेत्र के युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, रोजगार के नए अवसर और उज्ज्वल भविष्य प्रदान करने में अत्यंत सहायक सिद्ध होगा।
धीरेन्द्र सिंह ने कहा कि “हमारा लक्ष्य केवल विकास करना नहीं, बल्कि ऐसा विकास सुनिश्चित करना है जिसमें शिक्षा, पर्यावरण और रोजगार के अवसर साथ-साथ आगे बढ़ें।”


Leave a Reply