राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
गाजियाबाद। पीएम सूर्य घर योजना को संबंधित बैंक ही पलीता लगा रहे हैं। ऋण वितरण में लगातार असहयोग देखने को मिल रहा है, जिससे विकास में बाधा आ रही है। इसी मामले की समीक्षा के लिए आज सोमवार, 20 अप्रैल को मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) अभिनव गोपाल की अध्यक्षता में एक बैठक की गई। जिसमें उन्होंने संबंधित बैंक शाखा प्रबंधकों को कड़ी फटकार लगाई।
उल्लेखनीय है कि गाजियाबाद में पीएम सूर्य घर योजना के अंतर्गत कुल 840 फाइलें डिस्बर्सल हेतु लंबित हैं, जिनमें बैंकों द्वारा अब तक ऋण वितरण नहीं किया गया है। खासकर 10 प्रमुख शाखाओं में 187 फाइलें लंबित हैं, जिसका विवरण है— मोदीनगर मोदी स्टील, पीएनबी- 41, मोदीनगर गोविंदपुरी, पीएनबी- 31, रावली, केनरा बैंक- 28, गाजियाबाद गोविंदपुरम, पीएनबी- 19, मोदीनगर, एसबीआई- 13, रोली कला, पीएनबी- 12, मोदीनगर, केनरा बैंक- 11, मोदीनगर गोविंदपुरी, केनरा बैंक- 11, मोदीनगर, बैंक ऑफ बड़ौदा- 11 और मोदीनगर, इंडियन बैंक में 10 फाइलें लंबित हैं।
मुख्य विकास अधिकारी अभिनव गोपाल ने सभी संबंधित बैंक शाखा प्रबंधकों को सख्त फटकार लगाई है। विशेष रूप से पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) की शाखाओं में अधिक लंबित प्रकरण पाए जाने पर असंतोष व्यक्त किया गया। सीडीओ ने निर्देशित किया है कि सभी बैंक शाखाएं लंबित प्रकरणों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करें तथा पात्र लाभार्थियों को शीघ्र ऋण वितरण किया जाए।
उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि आगामी दो दिन में पेंडेंसी समाप्त नहीं की जाती है, तो संबंधित प्रकरणों की रिपोर्ट संबंधित शाखाओं के विरुद्ध कठोर कार्रवाई के लिए उच्च अधिकारियों को प्रेषित की जाएगी। साथ ही संबंधित अधिकारी पीओ नेडा, गाजियाबाद अंशुल चौहान को निर्देशित किया है कि वे सभी प्रकरणों की सतत मॉनिटरिंग सुनिश्चित कर समयबद्ध प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करें।


Leave a Reply