राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
गाजियाबाद। जिला प्रशासन एवं सामाजिक वानिकी विभाग द्वारा हिण्डन बैराज के समीप पेड़ लगाओ—पेड़ बचाओ जन अभियान के तहत ‘एक पेड़ मां के नाम’ कार्यक्रम किया गया। मुख्य अतिथि सुनील कुमार शर्मा कैबिनेट मंत्री एवं विशिष्ठ अतिथि अजीत पाल त्यागी विधायक मुरादनगर रहे। साथ ही दोनों ने जिला प्रशासन एवं सामाजिक वानिकी विभाग के अधिकारियों के साथ मिलकर पौधरोपण किया।
पौधरोपण कार्यक्रम में जिलाधिकारी इन्द्र विक्रम सिंह, मुख्य विकास अधिकारी अभिनव भोपाल, डीएफओ श्रीमती ईशा तिवारी, एडीएम सिटी गंभीर सिंह, डीडीओ श्रीमती प्रज्ञा श्रीवास्तवा, डीपीआरओ प्रदीप कुमार द्विवेदी, डीडी कृषि रामजतन मिश्र, बेसिक शिक्षा अधिकारी ओपी यादव, जिला समाज कल्याण अधिकारी अमरजीत सिंह, जिला उद्यान अधिकारी कु.निधि, जिला सूचना अधिकारी योगेंद्र प्रताप सिंह सहित अन्य अधिकारी आदि उपस्थित रहे।
कैबिनेट मंत्री सुनील कुमार ने कहा कि अब वृक्ष ही जीवन बचा सकते हैं, यह हम सभी को समझना होगा। बेतहाशा पेड़ों की कटाई की भरपाई के लिए वृहद पौधरोपण करना जरूरी है। बढ़ते प्रदूषण व पेड़ों की कटाई ने हमारा इको सिस्टम प्रभावित किया है। समस्या का एक ही समाधान है कि जहां अवसर मिले, हम पौधे लगाएं।
विधायक अजितपाल त्यागी ने कहा कि पौधरोपण से ही हम सभी बढ़ती गर्मी और जल संकट से बच सकते हैं। उन्होंने आम लोगों से जहां कहा कि हर व्यक्ति कम से कम एक पेड़ अवश्य लगाए, वहीं जिलाधिकारी इन्द्र विक्रम सिंह ने कहा कि पौधा कोई भी लगाये, उसका संरक्षण करना हम सभी की जिम्मेदारी है।


Leave a Reply