राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
नयी दिल्ली। देश की प्रतिष्ठित संस्था समाज कल्याण फेडरेशन ऑफ इंडिया (SKFI) ने डॉ. आमिर सिद्दीकी को राष्ट्र गौरव सम्मान से नवाजा है। यह सम्मान उन्हें दिव्यांगों को सशक्तिकरण के लिए रविवार, 11 अगस्त को ग्रेटर नोएडा स्थित नॉलेज पार्क के पीआईआईटी कालेज के सभागार में आयोजित एक भव्य समारोह में प्रदान किया गया। एसकेएफआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष जितेन्द्र बच्चन, पीआईआईटी के चेयरमैन डॉ भरत सिंह और नेशनल चैम्पियन सूरज वर्मा के करकमलों द्वारा सम्मानित होकर डॉ आमिर ने इन सभी का शुक्रिया अदा किया है।
उल्लेखनीय है कि रविवार को समाज कल्याण फेडरेशन ऑफ इंडिया ने देश के सात राज्यों की कुल 51 प्रतिभाओं को अवार्ड प्रदान किए हैं। उन्हीं में शामिल डॉ. आमिर सिद्दीकी का जन्म 1980 में उत्तर प्रदेश के फ़तेहपुर जिले के एक छोटे से गाँव मोहम्मदपुर गौंती में एक साधारण परिवार में हुआ। करीब 18 महीने बाद वह पोलियो ग्रषित हो गए, जिससे उनके दोनों पैरों ने काम करना बंद कर दिया। लेकिन निम्न वर्गीय पारिवारिक पृष्ठभूमि होने के बावजूद आमिर सिद्दीकी ने हिम्मत नहीं हारी और कंप्यूटर विज्ञान में सबसे बड़ी डिग्री हासिल कर अपने जीवन में आगे बढ़ते रहे। उसका नतीजा भी अच्छा निकला। उन्होंने पाँच और मास्टर डिग्री प्राप्त की, लेकिन इतने पर भी वह आराम नहीं करना चाहते और रिकॉर्ड बनाने के लिए लगातार प्रयासरत हैं।
डॉ. आमिर सिद्दीकी ने लोकसभा चुनाव 2019 और विधानसभा चुनाव दिल्ली 2020 में डिसेबल्ड फ्रेंडली इलेक्शन बूथ बनाकर भारत का नाम पूरे विश्व में ऊँचा किया। इसके अलावा वह अतुल्य भारत, सुगम्य भारत, नशा मुक्त भारत, कैंसर, सीपीआर, साइबर अपराध, रक्तदान, वस्त्र-दान, नेत्र-दान, अंग-दान, ट्रैफिक अवेरनेस, पृथ्वी बचाओ, जल बचाओ, बच्ची बचाओ, शिक्षा का महत्व, बलात्कार मुक्त भारत, महिला सशक्तीकरण आदि के लिए अभी तक अपनी रेट्रोफिटेड स्कूटी से 50 हज़ार किमी से ज्यादा की जागरूकता राइड कर चुके हैं। डॉ. आमिर सिद्दीकी का नाम गिनीज वर्ल्ड रेकॉर्ड्स, लिम्का बुक ऑफ रिकॉर्ड्स, इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स और वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में दर्ज है।
डॉ. आमिर सिद्दीकी स्वयं दिव्यांग होते हुए भी करीब 20 साल से दिव्यांगजनों के सशक्तिकरण के लिए काम कर रहे हैं। इन्होंने कई गैर सरकारी संगठनों की मदद से सिलाई मशीनें, कैलीपर्स, बैसाखी, व्हीलचेयर, ट्राइसाइकिल और सेनेटरी पैड आदि वितरित किए हैं। कोरोना काल में भी दिव्यांगजनों को स्वच्छ भोजन, राशन, कपड़े, मास्क और दवाई आदि प्रदान की। जिसके लिए मुख्यमंत्री ने भी डॉ. सिद्दीकी की प्रशंसा की है। समाज कल्याण फेडरेशन ऑफ इंडिया डॉ. आमिर सिद्दीकी पर गर्व करता है।


Leave a Reply