राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
नई दिल्ली। दुबई की अदबी संस्था ‘अंदाज़-ए-बयां और’ एवं गाज़ियाबाद की संस्था बारादरी के संयुक्त तत्वावधान में दिल्ली के डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी सिविक्स सेंटर में 23 फरवरी को देश विदेश के नामचीन शायरों व कवियों की महफ़िल सजेगी। बारादरी की संस्थापक अध्यक्ष डॉ. माला कपूर ‘गौहर’ ने बताया कि अदबी दुनिया में यह एक नया प्रयोग करते हुए दुबई की संस्था को भारत में आमंत्रित किया गया है। इसके तहत दुबई के मशहूर मंच को हम दिल्ली लाने का प्रयास कर रहे हैं।
मंगलवार को दिल्ली के प्रेस क्लब में आयोजित पत्रकार वार्ता में वरिष्ठ शायरा डॉ. माला कपूर ‘गौहर’ ने मीडिया को बताया कि ‘अंदाज-ए-बयां और’ तथा ‘बारादरी’ के साझा मंच पर कवि सम्मेलन और मुशायरा एकसाथ होगा। इसके लिए उन्होंने ‘अंदाज-ए-बयां और’ के संस्थापक रेहान सिद्दीकी का भी आभार व्यक्त किया है।
उन्होंने बताया कि 23 फरवरी के कार्यक्रम में मुख्य रूप से गोविंद गुलशन, मंगल नसीम, इकबाल अशहर, अजहर इकबाल, अज़्म शाकरी, सरिता शर्मा, पवन कुमार, असलम राशिद, अब्बास कमर, वरुण आनंद, आशू मिश्रा, जुबैर अली, मनु वैशाली और हिमांशी बरार सहित कई नामचीन हस्तियां शामिल होंगे। पत्रकार वार्ता में डॉ. ‘गौहर’ के साथ उर्वशी अग्रवाल ‘उर्वी’, रामानुज सिंह सुंदरम, जावेद रहमानी, शिवराज सिंह, डॉ. स्वाति चौधरी, अशोक कौशिक, शकील अहमद एवं आलोक यात्री भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply