राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
गाजियाबाद। प्रताप विहार स्थित सरदार पटेल ग्लोबल स्कूल द्वारा शनिवार को वार्षिक परीक्षा परिणाम व भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि अपर जिलाधिकारी (नगर) श्री गंभीर सिंह रहे। उन्होंने विशिष्ट अतिथि वरिष्ठ पत्रकार व समाज चिंतक ‘भारत गौरव’ डॉ. जितेन्द्र बच्चन और प्रबंधक श्री अजीत सिंह बैंसला के साथ सर्वप्रथम फीता काटा। उसके बाद मां सरस्वती व लौहपुरुष सरदार पटेल की तस्वीर के समक्ष पुष्प अर्पित संयुक्त रूप से दीप प्रज्जवलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
मुख्य अतिथि श्री सिंह ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि अभिभावकों को चाहिए कि वे बच्चों को महापुरुषों के बारे में जरूर बताएं ताकि उनसे प्रेरणा लेकर वे जीवन में कुछ अच्छा कर सकें और अपने लक्ष्यों को प्राप्त करने में उन्हें सफलता मिले। उन्होंने शिक्षकों को भी सुझाव दिया कि वे विद्यार्थियों को शिक्षित करने के लिए सरल से सरलतम तरीका अपनाएं, जिससे बच्चों में शिक्षा के प्रति रुचि बढ़े और उन्हें अपना मुकाम हासिल हो सके।
विशिष्ट अतिथि डॉ. बच्चन ने सभी बच्चों को परीक्षा में उत्तीर्ण होने की बधाई देते हुए प्रबंधक बैंसला की सराहना भी की। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल ग्लोबल स्कूल ने छात्रों को भारत की सांस्कृतिक विविधता और इतिहास से रूबरू कराने के लिए बेहतरीन शिक्षा प्रणाली अपना रखी है। वाकई हमें अगर छात्रों का भविष्य उज्जवल बनाना है तो शिक्षकों का छात्रों के साथ सरल और सहज संवाद स्थापित करना, उनका मनोबल बढ़ाना और कठिन परिस्थितियों से उबरने के लिए समय-समय पर उन्हें प्रेरणा देना आवश्यक है।
अपर जिलाधकारी श्री गंभीर सिंह ने प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को मेडल प्रदान कर उन्हें पुरस्कृत किया। इससे पहले मुख्य अतिथि श्री सिंह और प्रबंधक बैंसला ने डॉ. जितेन्द्र बच्चन को पत्रकारिता व समाजसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान, दिल्ली में तैनात आरपीएफ के इंस्पेक्टर श्री अर्जुन सिंह गुर्जर को ईमानदारी व कर्तव्यनिष्ठा के लिए और डॉ. सुनील अवाना को चिकित्सा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए पुष्प गुच्छ एवं प्रतीक चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया। साथ ही राधेश्याम त्यागी को समाजसेवा और श्री अमोद कौशिक को उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए सम्मानित किया गया।
अतिथियों ने स्कूल में प्रथम आने वाले सभी बच्चों को रिपोर्ट कार्ड व मेडल देकर उन्हें प्रोत्साहित व पुस्कृत किया। जबकि स्कूल के दो पुराने छात्रों श्री सुमित शर्मा और मनोज कुमार सिंह को देशसेवा व निजी क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया। इस अवसर पर डॉ. सलीमुद्दीन और डॉ. अखलाक अहमद भी उपस्थित रहे, उन्हें भी विद्यालय की तरफ से चिकित्सा सेवा के लिए सम्मानित किया गया।
प्रबंधक श्री अजीत सिंह बैंसला ने सभी अतिथियों, अभिभावकों व गणमान्यों के प्रति आभार प्रकट किया है। उन्होंने कहा कि एक-दूसरे के सहयोग और शिक्षा के माध्यम से ही हम विकास की ओर अग्रसर हो सकते हैं। इस अवसर पर स्कूल समिति के अध्यक्ष श्री सुमित बैसला, प्रधानाचार्या श्रीमती सुधा देवी, कार्डिनेटर श्रीमती गीता राणाकोटि, चौधरी विश्वास चौहान, शामली, अन्य स्कूल स्टाफ आदि उपस्थित रहे।

Leave a Reply