राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
जौनपुर। उत्तर प्रदेश भूमि विकास बैंक की निदेशक डॉ अंजना श्रीवास्तव ने कहा है कि ‘एक राष्ट्र-एक चुनाव’ की अवधारणा से चुनावी प्रणाली बेहतर होगी। साथ ही देश की व्यवस्था में भी सुधार आएगा। डॉ श्रीवास्तव जनपद में ‘एक राष्ट्र- एक चुनाव’ प्रणाली नीति पर भाजपा कार्यकर्ता मिलन श्रीवास्तव के नेतृत्व में उपस्थित लोगों के एक कार्यक्रम को संबोधित कर रही थीं। उन्होंने उपरोक्त प्रणाली पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इससे पूरे देश की लोकसभा, राज्य विधान सभाओं व स्थानीय निकायों (नगर पालिकाओं व पंचायतों) के चुनाव एकसाथ कराने में आसानी होगी।
डॉ अंजना श्रीवास्तव ने बताया कि भारत के पूर्व राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद की अध्यक्षता में ‘एक राष्ट्र-एक चुनाव’ समिति का गठन किया गया है। इससे आम जनमानस व देश पर अच्छा प्रभाव पड़ेगा। साथ ही चुनाव में मतदाताओं को कई सुविधाएं सुनिश्चित होंगी। मतदाता थकान से बचेंगे और मतदान प्रतिशत में भी वृद्धि होगी। उन्होंने कहा कि एकसाथ चुनाव होने से आर्थिक स्थिरता और विकास में वृद्धि होगी। प्रतिकूल नीतिगत परिवर्तनों के भय के बिना देश कोई भी निर्णय लेने में सक्षम होगा।
डॉ अंजना श्रीवास्तव ने देश में ‘एक राष्ट्र- एक चुनाव’ प्रणाली लागू करने की मांग करते हुए कहा कि एकसाथ चुनाव कराने से सरकारी खजाने पर वित्तीय बोझ कम होगा। क्योंकि इससे बीच-बीच में होने वाले चुनावों पर होने वाले व्यय का दोहराव नहीं होगा। इस प्रणाली से संसाधनों का अनुकूलतम उपयोग होगा और पूंजी निवेश में वृद्धि होगी। विवाद व अपराध में कमी आएगी। अदालतों पर बोझ कम पड़ेगा। विद्यालयों के सरकारी कामकाज में रुकावटें खत्म होंगी। इस अवसर पर अंजू पाठक, माधुरी गुप्ता, पूनम पटेल, एकता तिवारी, सुरुचि श्रीवास्तव, प्रांजल पटेल, रागिनी सिंह, अंशु, मनोरमा मौर्या, राम सूरत मौर्या, रिंकू श्रीवास्तव, पत्रकार व अन्य गणमान्य उपस्थिति रहे।

Leave a Reply