पत्रकारों ने सीएम योगी से मिलकर की आवास व अन्य सुविधाओं की मांग

राष्ट्रीय जनमोर्चा ब्यूरो
लखनऊ। उत्तर प्रदेश मान्यता प्राप्त संवाददाता समिति के सचिव भारत सिंह के नेतृत्व में सोमवार को पत्रकारों का एक प्रतिनिधि मंडल सीएम योगी आदित्यनाथ से उनके निवास पर मिला और पत्रकारों से जुड़ी समस्याओं पर बातचीत की। साथ ही पत्रकारों के आवास व नि:शुल्क चिकित्सा पर मुख्यमंत्री का ध्यान आकृष्ट कराया गया। सीएम योगी ने पत्रकारों के हितों से जुड़ी समसस्याओं के निराकारण का आश्वासन दिया है।
समिति के सचिव भारत सिंह ने पत्रकारों से जुड़ी समस्याओं के निराकरण हेतु मुख्यमंत्री को मांग पत्र सौंपा। उन्होंने ‘राष्ट्रीय जनमोर्चा’ से बताया कि प्रदेश में वरिष्ठ पत्रकारों के लिए पेंशन योजना शुरू करने, पत्रकरों को अनुदान पर प्लाट और फ्लैट उपलब्ध कराने और एसजीपीजीआई में पत्रकारों के इलाज के लिए 25 लाख रूपये की धनराशि को बढ़ाकर 50 लाख करने की मांग की गई है।
इसके अलावा समाचार पत्रों की विज्ञापन दरें बढ़ाने व विज्ञापन मान्यता समिति का गठन करने के लिए कहा गया है।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री को अवगत कराया गया कि सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग द्वारा विभिन्न श्रेणी के समाचार पत्र-पत्रिकाओं को विज्ञापन जारी किए जाते रहे हैं, उनकी सूचीबद्धता एक निश्चित न्यूनतम दर पर की जाती है। अतः सूचीबद्धता हेतु समाचार पत्र की प्रसार संख्या, नियमितता तथा लोकप्रियता के आधार पर विज्ञापन दरें बढ़ाई जाएं। यह भी मांग की गई है कि प्रेस मान्यता समिति की भाँति विज्ञापन मान्यता समिति का भी गठन किया जाए और यह परम्परा पूर्व में भी रही है।
पत्रकारों की मांग है कि फोटो जर्नलिस्ट के लिए विधायक निवास दारुलशफा ए ब्लॉक- 66 में आवन्टित कार्यालय का किराया जमा कराकर उसकी मरम्मत एवं साज-सज्जा कराई जाए। ताकि फोटो जर्नलिस्ट उक्त कक्ष का संक्षिप्त सदुपयोग कर सकें। राज्य संपति विभाग के रिक्त करीब तीन दर्जन से अधिक आवासों को सम्मानित पत्रकारों को आवंटित किया जाए।
मांग पत्र देने के अलावा वरिष्ठ पत्रकार बृजनन्दन राजू ने मुख्यमंत्री को स्वलिखित ‘जनता सर्वोपरि’ और ‘स्वर्णिम भारत की ओर’ पुस्तक भेंट की। प्रतिनिधि मंडल में भारत सिंह, सर्वेश सिंह, बृजनन्दन राजू, पदमाकर पाण्डेय, अरूणव सिन्हा, अनूप चतुर्वेदी, अशोक मिश्रा, सुरेश सिंह, डा. सत्येन्द्र त्रिपाठी, आशीष मौर्य और अनूप मिश्र शामिल रहे।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*