तिहार परिवार नोएडा में 31 अगस्त को मनाएगा ‘नुआखाई’ महापर्व

राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
नोएडा। तिहार परिवार नोएडा द्वारा रविवार 31 अगस्त को सेक्टर 44 स्थित होटल आरके पैलेस में ‘नुआखाई’ महापर्व बड़े धूमधाम से मनाने की तैयारी कर रहा है। इस भव्य कार्यक्रम में ओडिशा के रहने वाले ही नहीं, बल्कि अन्य लोग भी शामिल होते हैँ। महिलाएं और नवयुवक उत्साह से भरे हुए हैँ। अपनी माटी, अपना संस्कार और अपनी संस्कृति पर आधारित लोक नृत्य व गायन आदि में महिलाएं बढ़-चढ़कर हिस्सा लेंगी। साथ ही इस अवसर पर तिहार परिवार कई शिक्षाविद्, पत्रकार, कवि व समाजसेवियों को सम्मानित भी करेगा।
गुरुवार को ‘राष्ट्रीय जनमोर्चा’ को तिहार परिवार नोएडा के अध्यक्ष खीर मोहन अदाबर ने बताया कि 31 अगस्त के भव्य कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कलिंग भारती फाउंडेशन के चेयरमैन अक्षय कुमार सामल होंगे। जबकि विशिष्ट अतिथियों में पूर्व डीजीपी आईपीएस डॉ संजीब कुमार पटजोशी, समाज कल्याण फेडरेशन ऑफ इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. जितेन्द्र बच्चन और अतिथि के तौर पर मनोज कटवारिया आदि उपस्थित रहेंगे।
श्री अदाबर के अनुसार, ‘नुआखाई’ पर्व के दिन घरों में और सामूहिक रूप से ‘नवान्नभोज’ (नए अन्न का भोज) आयोजित किया जाता है, जिसमें पहले देवी-देवताओं को भोग अर्पित किया जाता है, फिर सभी लोग एकसाथ मिलकर भोजन करते हैं। उन्होंने बताया कि इस महापर्व का उद्देश्य सामाजिक बंधनों को मजबूत करना और पारिवारिक संबंधों को बढ़ावा देना है।
उल्लेखनीय है कि कार्यक्रम में पश्चिम ओडिशा की लोक संस्कृति पर आधारित पारंपरिक नृत्यों की धूमधाम से पालन होता है। साथ ही सामाजिक और सांस्कृतिक एकता का प्रतीक देखने को भी मिलता है। संस्था के सदस्य अमित प्रधान, नमिता, उर्मिला, समीक्षा, प्राची, मधु, विजया, लक्ष्मी, राजेश, प्रभाकर, चिन्मय, पार्थ, शक्ति, रिकू, नरेंद्र, पिंकू, अर्जुन, रामजनी, निकी, कविता आदि कार्यक्रम की तैयारी में लगे हुए हैं।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*