राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
खुर्जा (बुलंदशहर)। कॉन्ट्राइव सिरेमिक स्टूडियो द्वारा आयोजित 3डी प्रिंटिंग वर्कशॉप संपन्न हो गया। कार्यशाला में 60 प्रतिभागी शामिल हुए, जिनमें पॉलिटेक्निक कॉलेज एवं ए.के.पी. पीजी डिग्री कॉलेज के छात्र-छात्राएँ, उद्योगपति तथा कला एवं तकनीक से जुड़े लोग उपस्थित रहे। सभी को आधुनिक प्रणाली के प्रशिक्षण देकर नए नए रोजगार के अवसर बताए गए। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि प्रोफेसर डिम्पल विज, प्राचार्य, ए.के.पी. पीजी डिग्री कॉलेज, खुर्जा रहीं। जबकि विशिष्ट अतिथि करण पाल सिंह, विभागाध्यक्ष, सिरेमिक इंजीनियरिंग विभाग, एस.जी.एस.जे. राजकीय पॉलिटेक्निक खुर्जा थे।
डॉ. एल. के. शर्मा, मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO), महामना सिरेमिक डेवलपमेंट ऑर्गेनाइज़ेशन ने “3डी डिजाइनिंग” विषय पर प्रेरणादायी व्याख्यान दिया और छात्रों को तकनीक के भविष्य से अवगत कराया। मुख्य अतिथि प्रो. डिम्पल विज ने इस अवसर पर कहा कि “नई तकनीकें शिक्षा व उद्योग के बीच सेतु का कार्य करती हैं। विद्यार्थियों को इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रमों से जोड़ना समय की आवश्यकता है।”
अहमदाबाद की दूरबीन डिज़ाइन संस्था से आए नीरज एवं मुकेश ने लाइव डेमो और प्रेज़ेंटेशन प्रस्तुत कर छात्रों को व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया। कार्यक्रम का संचालन के.सी. सिंह ने किया। कार्यशाला में शहर के प्रमुख उद्यमी शकील अहमद, राजेन्द्र अग्रवाल, लिटेश्वर, अतुल अग्रवाल, मेहुल बंसल, चिराग सक्सेना, चन्द्रवीर आदि उपस्थित रहे। प्रतिभागियों को 3डी प्रिंटिंग की संपूर्ण प्रक्रिया—डिज़ाइन से लेकर प्रिंट तक—का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। साथ ही विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र भी प्रदान किए गए।
कॉन्ट्राइव सिरेमिक स्टूडियो के संस्थापक मुकुल सक्सेना ने सभी अतिथियों व प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि “हमारा प्रयास है कि आधुनिक तकनीक को युवाओं तक पहुँचाकर स्थानीय स्तर पर नए रोजगार के अवसर उत्पन्न किए जाएँ। भविष्य में भी स्टूडियो ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रमों का आयोजन करता रहेगा।”


Leave a Reply