राष्ट्रीय जनमोर्चा ब्यूरो
-दिल्ली-महाराष्ट्र में ‘सरदार वल्लभभाई पटेल एकता पुरस्कार’ से अलंकृत
गाजियाबाद। पत्रकारिता एवं समाज सेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले भारत गौरव अवार्ड से सम्मानित जितेन्द्र बच्चन आज किसी परिचय के मोहताज नहीं हैं। अब इसी कड़ी में उन्हें एक बार फिर दिल्ली में भारत रत्न लौह पुरुष ‘सरदार वल्लभभाई पटेल एकता पुरस्कार’ 2025 और महाराष्ट्र में ‘सरदार वल्लभभाई पटेल हिंदू रत्न अवार्ड’ से अलंकृत किया गया है। आयोजकों का आभार प्रकट करते हुए वरिष्ठ पत्रकार जितेन्द्र बच्चन ने कहा, “समर्पण, कड़ी मेहनत व निस्वार्थ सेवा को सम्मान मिला है। निश्चित ही इन सम्मानों से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने वाले लोगों को पहचान और प्रोत्साहन मिलता है। जो समाज के अन्य सदस्यों को भी प्रेरित करता है और उन्हें अपने क्षेत्रों में और बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरणा देता है।”

शुक्रवार, 31 अक्टूबर को दिल्ली के रफी मार्ग स्थित कांस्टीट्यूशन क्लब ऑफ इंडिया के स्पीकर हॉल में आयोजित एक भव्य समारोह में जितेन्द्र बच्चन को श्री ज्ञान गंगोत्री विकास संस्था दिल्ली एवं राइट विजन हैंडीकैप वेलफेयर सोसाइटी ने ‘सरदार वल्लभभाई पटेल एकता पुरस्कार’ 2025 प्रदान किया। जबकि इसी दिन पुणे महाराष्ट्र में मणिभाई देसाई मानव सेवा संस्थान द्वारा ‘सरदार वल्लभभाई पटेल हिंदू रत्न अवार्ड’ दिया गया। यह कार्यक्रम भारत रत्न लौह पुरुष सरदार पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर पुणे में साहित्यरत्न लोकशाहीर अण्णाभाऊ साठे सांस्कृतिक हॉल में आयोजित किया गया था और श्री बच्चन का अवार्ड उनके स्थान पर उनके प्रतिनिधि सत्य नारायण प्रधान ने स्वीकार किया।
पुणे के कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रही राज्यसभा सदस्य मेधाताई विश्राम कुलकर्णी, संस्था के अध्यक्ष डॉक्टर रवींद्र भोले एवं मैग्सेसे पुरस्कार विजेता पद्मश्री निर्लमाताई मिश्रा ने संयुक्त रूप से अवार्ड प्रदान करते हुए वरिष्ठ पत्रकार जितेन्द्र बच्चन के कार्यों को सराहा। जबकि दिल्ली में आयोजित जयंती कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि दक्षिणी दिल्ली लोकसभा से सांसद श्री रामवीर सिंह बिधूड़ी रहे और कार्यक्रम की अध्यक्षता राज्यसभा सांसद श्री मिथिलेश कुमार कठेरिया ने की।
सकारात्मक योगदान को बढ़ावा :
श्री ज्ञान गंगोत्री विकास संस्था दिल्ली के संस्थापक बीके सिंह और वरिष्ठ पत्रकार जितेन्द्र बच्चन अतिथि के रूप में मंच पर उपस्थित रहे। उससे पहले सभी लोगों ने सरदार बल्लभभाई पटेल के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की। उसके बाद जानी-मानी कई हस्तियों को ‘सरदार वल्लभभाई पटेल एकता पुरस्कार’ 2025 से पुरस्कृत किया गया। इस अवसर पर श्री बच्चन ने कहा, “यह सम्मान न केवल व्यक्ति के आत्मविश्वास और प्रेरणा को बढ़ाता है, बल्कि एक स्वस्थ सामाजिक वातावरण भी तैयार करता है। यह बहुत अच्छी बात है कि अब सामाजिक संस्थाएं समर्पण और निस्वार्थ सेवा को महत्व देने लगी हैं। सम्मान और मान्यता मिलने से उन लोगों को प्रोत्साहित किया जाता है जिन्होंने समाज में सकारात्मक योगदान दिया है। निश्चित ही यह प्रतिभाओं के समर्पण, कड़ी मेहनत और निस्वार्थ सेवा की सराहना करता है।”
समसामयिक विषयों पर निरंतर कर रहे लेखन :
उल्लेखनीय है कि जितेन्द्र बच्चन करीब 38 वर्षों से पत्रकारिता से जुड़े हैं। वह ‘दैनिक जागरण‘, ‘पंजाब केसरी‘,‘हिन्दुस्थान समाचार’ में कई बड़े पदों पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं। राष्ट्रीय पत्रकार वेलफेयर एसोसिएशन और समाज कल्याण फेडरेशन ऑफ इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष होने के साथ-साथ वर्तमान में वह दिल्ली से प्रकाशित हिंदी समाचार पत्र ‘राष्ट्रीय जनमोर्चा’ के संपादक हैं। इसके अलावा समाज, राजनीति, अपराध और समसामयिक विषयों पर निरंतर लेखन कर रहे हैं।
पूर्व में जितेन्द्र बच्चन को ‘डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी पुरस्कार’, ‘भारत गौरव अवार्ड’, ‘महात्मा गांधी सेवा अचीवर्स अवार्ड’ और ‘पत्रकार गौरव’ अवार्ड से भी सम्मानित किया गया है। इसके अलावा कई सामाजिक संस्थाओं, प्रशासनिक अधिकारियों व प्रतिष्ठानों द्वारा उन्हें पत्रकारिता व समाज सेवा के लिए पुरस्कृत किया गया है।
यह एक अच्छी शुरुआत है :
शुक्रवार के कार्यक्रम में सांसद श्री विधूड़ी और सांसद श्री कठेरिया ने संस्था के कार्यों की प्रशंसा करते हुए कहा कि एकता-अखंडता के लिए देश की कई प्रतिभाओं को आज यहां जो सम्मानित किया जा रहा है, उससे उन्हें और बेहतरीन कार्य करने की प्रेरणा मिलेगी। समाजसेवा का क्षेत्र हो या अन्य, लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल सदैव उनके लिए प्रेरणास्रोत रहेंगे। यह एक अच्छी शुरुआत है।
समारोह के बेहतरीन क्षणों के बने गवाह :
कार्यक्रम में संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष वीरेंद्र कुमार चौधरी, मानद महासचिव डॉ रानी सिंह, अखिल भारतीय गैर सरकारी संगठन से अरविंद पटेल, जुगल किशोर द्विवेदी, सुधाकर भारती, डॉ. संजीव कुमार, एलके गुप्ता, रंजना भारती, रश्मि कुमारी शर्मा, एडवोकेट ललन तिवारी, अमरेश कुमार, गौरी यादव, कवि मिथिलेश कुमार, रेवती रमण, श्रीमती राखी गुप्ता, जनार्दन पटेल आदि उपस्थित रहे।


Leave a Reply