राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
बड़ी खाटू (नागौर)। उत्तर पश्चिम रेलवे मुख्यालय जयपुर से जीएम अमिताभ और जोधपुर डीआरएम अनुराग त्रिपाठी ने बड़ी खाटू रेलवे स्टेशन पहुंचकर निरीक्षण किया। बड़ी खाटू राजस्थान का महत्वपूर्ण पर्यटन स्थल हो चुका है। रेलवे के दोनों अधिकारियों का सतगुरु कबीर आश्रम सेवा संस्थान एवं विश्व शांति संत कबीर कीर्ति स्तंभ निर्माण समिति के प्रमुख महंत (डॉ.) नानक दास महराज ने भव्य स्वागत-सत्कार किया। साथ ही उन्होंने बड़ी खाटू रेलवे स्टेशन को लेकर एक मांग पत्र भी दिया।
महंत नानक दास ने विश्व शांति संत कबीर कीर्ति स्तंभ निर्माण की प्रगति से अधिकारियों को अवगत कराते हुए लम्बे समय के बाद गाड़ी नंबर 22481/82 का प्रायोगिक ठहराव देने के लिए रेल प्रशासन का आभार भी प्रकट किया। साथ ही आगे भी एक्सप्रेस गाड़ियों के ठहराव की मांग रखी और सरकार को मांग पत्र सौंपते हुए कहा कि शहीद शिवराज वाटिका नामकरण कराया जाए। रेलवे पास में खाटू की जगह बड़ी खाटू लिखा जाए जिससे लोगों को परेशानी न हो। 100 नंबर फाटक पर सड़क निर्माण कार्य कराया जाए और फाटक का स्थान बदला जाए।
महंत नानक दास ने बताया कि कबीर कीर्ति स्तंभ निर्माण के लिए फाउंडेशन को भूमि परीक्षण रिपोर्ट दे दी गई है। अब जल्द नींव की खुदाई का कार्य आरंभ होगा। उन्होंने बताया कि बड़ी खाटू पहाड़ी इलाका है। यहां की ऐतिहासिक आटा चक्की, खरल, उकल और इमारती पत्थर उल्लेखनीय हैं। यह साधु-संत, सिद्ध योगी और सूफी संतों की पावन पवित्र धर्म नगरी रही है। यही से सामाजिक समरसता, सद्भावना, सामाजिक सरोकार एवं विश्व शांति का मानव एकता का संदेश जाता है।
महंत नानक दास ने बताया कि वह कबीर की विचारधारा के साथ-साथ सामाजिक एकता, समरसता, विश्व शांति, एकात्मक ईश्वर का संदेश देते हुए विश्व कबीर कीर्ति स्तंभ का निर्माण कार्य शुरू करवा चुके हैं। शुभारंभ रेल प्रशासन के अधिकारियों, विभिन्न धर्माचार्यों और साधु-संतों के करकमलों द्वारा किया गया है। फिलहाल, रेलवे के दोनों अधिकारियों ने आश्वस्त किया है कि वे बड़ी खाटू के विकास के लिए जो भी बन पड़ेगा, अवश्य करेंगे।
इस अवसर पर विश्व शांति संत कबीर कीर्ति स्तंभ निर्माण समिति के अध्यक्ष मेघराज सोलंकी, शहीद शिवराज जाट स्मारक समिति बड़ी खाटू के अध्यक्ष पोकरराम रिणवा, बड़ी खाटू सरपंच प्रतिनिधि छोटू राम चौधरी, वाल्मीकि समाज जिला अध्यक्ष दुर्गाराम थामेद, भीम सेवा समिति फरडोद के संरक्षक भैराराम मेघवाल, घासीराम माली, लिछमणराम गुजर, अशोक धोजक, जितेंद्र बाणियां, हरिराम हांकला, पूर्व रेलवे विकास समिति के कोषाध्यक्ष सम्पत लाल टेलर व पूर्व सरपंच एवं भाजपा जिला उपाध्यक्ष धनराज पाराशर, पूर्व सह सचिव हाजी शलिम, बिजू सांसी, चैनाराम गुजर, देवाराम गोदारा, रामवतार जाजू, रूपेश जाजू, कुनाराम मेघवाल आदि प्रवासी उपस्थित रहे।


Leave a Reply