SIR कार्यों के लिए डीएम ने गैर सरकारी संगठनों से भी मांगा सहयोग

राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
गाजियाबाद। कलेक्ट्रेट स्थित महात्मा गांधी सभागार में विशेष प्रगाढ पुनरीक्षण (SIR) 2026 को लेकर डीएम रविन्द्र कुमार माँदड़ ने समस्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ गुरुवार को एक बैठक कर स्थितियों का जायजा लिया। जिलाधिकारी की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में प्रतिनिधियों का कहना था कि बहुत से मतदाताओं को गणना पत्र अभी तक नहीं प्राप्त हुआ है। ऐसे में यह कार्य इतनी जल्दी समय से पूरा होना मुश्किल है।
जिला निर्वाचन अधिकारी व जिलाधिकारी ने इस समस्या से बेहतर तरीके से निपटने के लिए अपील की है। उन्होंने इस कार्य में सोसाईटी एसोसिएशनों, गैर सरकारी संगठनों (NGO), समाजिक कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों व मीडिया से सहयोग मांगा है। खासकर शहर के वसुन्धरा, वैशाली आदि क्षेत्रों में बने हाईराईज सोसाइटीज में मतदाताओं से फार्म प्राप्त करने हेतु अपने-अपने बी.एल.ओ को तत्काल सक्रिय करने का अनुरोध किया गया। डीएम ने राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों से अनुरोध किया है कि वे जनपद के सभी ब्लॉकों में अपने—अपने बीएलए तैनात करते हुए निर्देशित करें कि वे एसआईआर के कार्य में बीएलओ की सहायता करें। साथ ही पार्टी के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं से सहयोग करने के लिए कहें।
अपर जिलाधिकारी सौरभ भट्ट ने बताया कि 55-साहिबाबाद विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में 200 से कम गणना प्रपत्र डिजिटाइज किये जाने वाले प्रत्येक 20 मतदेय स्थलों पर एक पर्यवेक्षण अधिकारी के आधार पर कुल 40 पर्यवेक्षणीय अधिकारियों की नियुक्ति की गयी है। साथ ही बैठक के बाद डीएम ने इन्दिरापुरम, आईटीएस सहित अन्य जगहों का एसआईआर से सम्बंधित कार्य के क्रियान्वयन का औचक स्थलीय निरीक्षण किया। बीएलओ द्वारा किये जा रहे कार्यों की गहनता से जांच की गयी और उपस्थित मतदाताओं से भी बातचीत किया। जिलाधिकारी ने सभी से अनुरोध किया है कि वे फार्म शीघ्र ही भरकर जमा करायें, जिससे एसआईआर का कार्य शीघ्र पूर्ण किया जा सके।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*