क्षत्रिय लोधी राजपूत सभा में प्रख्यात शिक्षाविद् डॉ. भरत सिंह के वक्तव्य से लोग प्रभावित

राष्ट्रीय जनमोर्चा ब्यूरो
नयी दिल्ली। क्षत्रिय लोधी राजपूत सभा दक्षिण एवं पश्चिमी दिल्ली द्वारा युवा सम्मेलन एवं दिव्य व भव्य होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम नवसस्येष्टि (वैदिक) यज्ञ से शुरू हुआ और युवा सम्मेलन में सांस्कृतिक प्रस्तुति के बाद सभी ने फूलों से होली खेली। मुख्य अतिथि आरसी वर्मा ने समाज को जागरूक किया तो कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे श्योदान सिंह ने सभी कार्यकर्ताओं का अभिनंदन किया।
रविवार, 1 मार्च को आयोजित कार्यक्रम दिल्ली की सभी लोधी राजपूत सभाओं से अलग और विशिष्ट था। प्रख्यात शिक्षाविद् एवं पीआईआईटी कॉलेज ग्रेटर नोएडा के चेयरमैन डॉ. भरत सिंह के वक्तव्य से लोग बहुत प्रभावित हुए। उनका मार्गदर्शन छात्रों व अभिभावकों के लिए जहां प्रेरणादायक था, वहीं अग्रसेन महाविद्यालय (डीयू) के प्रोफेसर ओंकार सिंह नरवरिया ने भी उपयोगी बात कही। कार्यक्रम का संचालन डॉ वी. दयालु और प्रोफेसर चंद्रशेखर ने किया।
उदयवीर सिंह का परिवार प्रबोधन समाज के लोगों को आत्मचिंतन के लिए विशेष रूप से प्रभावित करने वाला था। पवन कुमार और श्रीमती निर्मला ने आपसी भेदभाव मिटाकर एक रहने का आह्वान किया। वरिष्ठ समाजसेवी हुकुम सिंह देशराजन ने हिंदू हृदय सम्राट स्वर्गीय श्री कल्याण सिंह के त्याग, दृढ़ निश्चय और कर्मठता की बात करते हुए सरकार से श्रीराम मंदिर अयोध्या परिसर में बाबूजीकी प्रतिमा स्थापित करने की मांग की।
सभा के संरक्षक एवं पूर्व अध्यक्ष प्रांतीय लोधी राजपूत सभा दिल्ली सीपी सिंह लोधी ने सभी अतिथियों एवं आगंतुकों का स्वागत एवं अभिनन्दन किया। सांस्कृतिक कलाकारों ने लोगों का खूब मनोरंजन किया। होली के गीतों पर अधिकतर लोग थिरकते रहे। लोधी राजपूत सभा के अध्यक्ष धर्मवीर सिंह आर्य ने कार्यक्रम में आए अतिथियों, कार्यकर्ताओं व अन्य आगंतुकों के प्रति हृदय से आभार प्रकट किया।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*