होली मिलन समारोह में न्यायमूर्ति सुधीर अग्रवाल ने प्रेस को बताया महत्वपूर्ण

राष्ट्रीय जनमोर्चा ब्यूरो
गौतमबुद्ध नगर। ग्रेटर नोएडा प्रेस क्लब द्वारा सम्राट मिहिर भोज सिटी पार्क में अत्यंत हर्षोल्लास के साथ होली मिलन समारोह का भव्य आयोजन किया गया। समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस दौरान प्रेस क्लब की वार्षिक पत्रिका ‘शब्दमधु’ का विमोचन भी किया गया। न्यायमूर्ति सुधीर अग्रवाल ने कहा कि विधायिका, कार्यपालिका और न्यायपालिका लोकतंत्र के तीन स्तंभ हैं, जबकि प्रेस को चौथा स्तंभ माना जाता है। प्रेस पर समाज को जागरूक करने और सुधार की दिशा में कार्य करने की बड़ी जिम्मेदारी होती है। उन्होंने कहा कि समाज में व्याप्त विकृतियों को सामने लाने और जनचेतना जगाने में पत्रकारों की महत्वपूर्ण भूमिका है।
रविवार, 2 मार्च को आयोजित कार्यक्रम में पुलिस कमिश्नर गौतमबुद्ध नगर लक्ष्मी सिंह, पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद डॉ. महेश शर्मा, जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह तथा दादरी विधायक तेजपाल नागर बतौर अतिथि उपस्थित रहे। इन सभी ने प्रेस क्लब की पहल की सराहना करते हुए लोकतंत्र में पत्रकारिता की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। डॉ. महेश शर्मा ने सभी को होली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि नोएडा और ग्रेटर नोएडा तेजी से विकास की ऊंचाइयां छू रहे हैं और इसमें प्रेस की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि प्रेस समाज का आईना है और जब यह आईना समाज के सामने से हट जाता है तो निरंकुशता व अलोकतांत्रिक व्यवस्थाएं पैर फैलाने लगती हैं। डॉ शर्मा ने लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के प्रति सम्मान और अपेक्षाओं को रेखांकित किया।
पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह ने कहा कि ग्रेटर नोएडा प्रेस क्लब ने सौहार्द और एकता का परिचय देते हुए समाज के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े लोगों को एक मंच पर आमंत्रित किया है। जनपद के वरिष्ठ और गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति प्रेस क्लब की लोकप्रियता को दर्शाती है और इसी लोकप्रियता के अनुरूप समाज की अपेक्षाओं पर खरा उतरना आवश्यक है।
कार्यक्रम में सांस्कृतिक श्रृंखला के तहत आरायहना नृत्यालय के बच्चों ने मनोहारी गणेश वंदना प्रस्तुत की, तो क्लासिकल कृष्ण-राधा होली नृत्य की आकर्षक प्रस्तुति ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। अभय रेनबो किड्स फाउंडेशन से जुड़े ऑटिज्म थेरेपी प्राप्त कर रहे बालक देवाशीष ने जहां ‘शिव तांडव’ की प्रभावशाली प्रस्तुति देकर सभी का मन मोह लिया, वहीं मथुरा के कलाकारों ने फूलों की होली और राधा-कृष्ण नृत्य प्रस्तुत कर वातावरण को ब्रजमय बना दिया।
रंग, संगीत और उल्लास से सराबोर कार्यक्रम में दादरी विधायक तेजपाल नागर और जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह ने भी सभी को होली की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर यमुना प्राधिकरण के एसीओ शैलेन्द्र भाटिया, एडीएम प्रशासन मंगलेश दुबे, एडीएम (वित्त) अतुल कुमार सहित पुलिस विभाग से डीसीपी, एडीसीपी, एसीपी, समाज कल्याण फेडरेशन ऑफ इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष व वरिष्ठ पत्रकार जितेन्द्र बच्चन, विभिन्न राजनीतिक एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, आरडब्ल्यूए, उद्यमी, व्यापार मंडल, इंडस्ट्रियल एसोसिएशन, महिला संगठन तथा शहर के अनेक गणमान्य मौजूद रहे।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*