निजी अस्पताल सस्ती, सुलभ और विश्वसनीय चिकित्सा दें: योगी आदित्यनाथ

-राष्ट्रीय जनमोर्चा ब्यूरो
ग्रेटर नोएडा। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि निजी क्षेत्र के अस्पतालों को सस्ती, सुलभ और विश्वसनीय चिकित्सा सेवा प्रदान करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की पहचान एक जनपद एक माफिया से एक जनपद एक मेडिकल कॉलेज में बदल चुकी है।
गुरुवार, 5 मार्च को ग्रेटर नोएडा के सेक्टर 10 में केडीएसजी (कपिल देव सुनील गुप्ता) हॉस्पिटल का उद्घाटन करने के बाद जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि अच्छी चिकित्सा सभी नागरिकों का अधिकार है। सरकार अपने स्तर पर सभी नागरिकों को चिकित्सा सुविधा देने का प्रयास कर रही है। उत्तर प्रदेश के सभी जनपदों में मेडिकल कॉलेज खोले जा रहे हैं। अब तक 85 मेडिकल कॉलेज खोले जा चुके हैं, जबकि 2017 में उनके सत्ता संभालने से पहले यह संख्या मात्र 17 थी।
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के अंतर्गत राज्य में सर्वाधिक पांच करोड़ साठ लाख लोगों को पांच लाख रुपये तक की नि:शुल्क चिकित्सा के गोल्डन कार्ड जारी किए गए हैं। उन्होंने मंच पर उपस्थित क्रिकेटर कपिल देव व सुनील गुप्ता से सरकार की नीति के अनुसार मेडिकल कॉलेज खोलने का भी आह्वान किया। उन्होंने यह भी कहा कि निजी अस्पताल में आने वाले लोगों को यह भरोसा होना चाहिए कि उनके साथ कोई धोखाधड़ी न हो।
कपिल देव ने इस अवसर पर कहा कि हम खिलाड़ियों से बोलकर नहीं बल्कि उदाहरण पेश कर अपनी काबिलियत साबित करने के लिए कहा जाता है। इस हॉस्पिटल के बारे में भी यही सिद्धांत अपनाया जाएगा। जनसभा को विधायक तेजपाल नागर, सांसद डॉ महेश शर्मा ने भी संबोधित किया।मंच पर जेवर विधायक ठाकुर धीरेंद्र सिंह, एमएलसी नरेंद्र भाटी व श्रीचंद शर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा व महेश चौहान के अलावा केडीएसजी के संचालन सहयोगी डॉ अजिंक्य डीवाई पाटिल भी मौजूद रहे। सुनील गुप्ता ने धन्यवाद ज्ञापित किया।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*