राष्ट्रीय जनमोर्चा ब्यूरो
काठमांडू। नेपाल में नयी सरकार बनते ही एक्शन शुरू हो गया है। पूर्व प्रधानमंत्री और नेपाल कम्युनिस्ट पार्टी (यूएमएल) के नेता केपी शर्मा ओली और पूर्व गृह मंत्री रमेश लेखक को शनिवार की सुबह गिरफ्तार कर लिया गया। जिसकी पुष्टि करते हुए नेपाल पुलिस के प्रवक्ता अभिनारायण काफले ने ‘राष्ट्रीय जनमोर्चा’ को बताया कि जांच आयोग की रिपोर्ट को लागू करने के लिए मंत्रिपरिषद के फैसले के अनुसार ओली और रमेश लेखक को गिरफ्तार किया गया है। शनिवार की सुबह पूर्व प्रधानमंत्री ओली को भक्तपुर से और लेखक को भक्तपुर के ही कटुंजे स्थित उनके आवास से गिरफ्तार किया गया है।
काफले के अनुसार, दोनों नेताओं को काठमांडू जिला पुलिस परिसर में हिरासत में रखा गया है। अब उनके खिलाफ कानूनी प्रक्रिया नियमों के अनुसार चलाई जाएगी और यह गिरफ्तारी इसलिए की गई है ताकि कानून सभी पर समान रूप से लागू हो।
उल्लेखनीय है कि रैपर से राजनेता बने बालेन शाह ने नेपाल के प्रधानमंत्री के तौर पर शुक्रवार को शपथ ली थी। पिछले साल नेपाल में जेन जी के विरोध प्रदर्शनों की जांच के लिए गठित गौरी बहादुर कार्की की अध्यक्षता वाले आयोग ने सुशीला कार्की के नेतृत्व वाली पिछली सरकार को एक रिपोर्ट सौंपी थी। इन आंदोलनों में नेपाल में सार्वजनिक और निजी संपत्ति का भारी नुकसान हुआ था। उसी रिपोर्ट का नतीजा है यह दोनों गिरफ्तारी।


Leave a Reply